नोगली (रामपुर बुशहर)। रामपुर उपमंडल के निरसू में एक निजी होटल में वीरवार देर रात आग लग गई। आगजनी की घटना में लाखों का नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, रामपुर परियोजना और अग्निशमन दल रामपुर मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार आगजनी की घटना की सूचना होटल में रुके एक व्यक्ति ने दी। रात को जब उसके कमरे की लाइट बार-बार झिलमिल कर रही थी तो वह होटल की ऊपरी मंजिल पर गया और देखा कि पूरे कमरे में आग फैली हुई है। उसके बाद वह होटल से बाहर निकला और आसपास के लोगों के घटना के बारे में बताया। स्थानीय लोगों ने आगजनी पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग काफी भड़क चुकी थी । अग्निशामक दलों को भी इसे बुझाने में कड़ी मशकक्त करनी पड़ी। इस आगजनी की घटना में किचन, डायनिंग हॉल आदि का सामान पूरी तरह से जलकर राख हो गया। हालांकि कुछ कमरों को इस आगजनी से बचाया गया। उधर, तहसीलदार रामपुर विपिन ठाकुर ने कहा कि प्रशासन की ओर से फौरी राहत के तौर पर 20 हजार रुपये की राशि दी गई है। उन्होंने कहा कि आगजनी से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।