{"_id":"f2d50ce7dc728457f61f70cffa5de316","slug":"jcb-opreter-died-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"जेसीबी पलटने से सहायक ऑपरेटर की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जेसीबी पलटने से सहायक ऑपरेटर की मौत
ब्यूरो/अमर उजाला, मंडी
Updated Thu, 03 Mar 2016 10:14 PM IST
विज्ञापन
पधर/बरोट (मंडी)। घटासणी बरोट राज्य मार्ग पर टिक्कन से तीन किलो मीटर की दूरी पर लचकंडी गांव के पास बुधवार रात जेसीबी अनियंत्रित होकर सड़क से 15 फीट नीचे लुढ़क गई। हादसे में जेसीबी के सहायक ऑपरेटर की मशीन के नीचे आने से मौके पर मौत हो गई। हादसा बुधवार रात करीब 11 बजे हुआ। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
विज्ञापन
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक जेसीबी बरोट में किसी निजी काम को निपटाने के बाद पधर लौट रही थी। लचकंडी गांव के पास जेसीबी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गई। सहायक ऑपरेटर ने बचाव के लिए मशीन से बाहर छलांग लगा दी। इस दौरान वह जेसीबी के नीचे आ गया और मौके पर मौत हो गई।
विज्ञापन
जेसीबी ऑपरेटर राम लाल सुरक्षित हैं। मृतक की पहचान मंगलू राम उर्फ धौंधू 28 पुत्र जीवा नंद गांव मधराण, डाकघर थल्टूखोड, तहसील पधर जिला मंडी के रूप में हुई है। जेसीबी पधर के कुन्नू क्षेत्र की बताई जाती है। वीरवार सुबह मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को मशीन के नीचे से निकाला और कब्जे में लिया। जोनल अस्पताल मंडी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इधर, एसडीएम पधर हेमराज भारद्वाज ने मृतक के परिजनों को दस हजार फौरी राहत राशि प्रदान की। हादसे की पुष्टि थाना के एएसआई रमेश चंद ने की है। उन्होंने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आईपीसी की धारा 279, 304 ए के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में जांच जारी है। आरोपी की धरपकड़ के लिए टीमें रवाना की जा रही हैं।
विज्ञापन