जोगिंद्रनगर (मंडी)। राज्य स्तरीय जोगिंद्रनगर देवता मेले में देशभर के कारोबारियों का पहुंचना शुरू हो गया है। कारोबारियों को यहां अच्छा कारोबार होने की उम्मीद रहती है। रविवार को मिनी सचिवालय परिसर के समीप कारोबार के लिए चिह्नित मेला मैदान में उत्तर प्रदेश, हिमाचल, पंजाब राज्य के कारोबारियों ने अपनी दुकानों को तैयार करना शुरू कर दिया है। मेला मैदान में वाटरप्रूफ पंडाल लगाए गए हैं। पुलिस थाना चौक से लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह, अस्पताल और कॉलेज सड़क के इर्द-गिर्द दुकानें सज गई हैं। मुख्य बाजार की बात करें तो हाईवे के किनारे भी खाने पीने और अन्य सामान की दुकानें सजी हैं।
उधर, देवता मेले के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री के आगमन पर अभी भी संशय बना हुआ है। कैबिनेट रैंक के किसी भी मंत्री का देवता मेले के शुभारंभ में उपस्थिति की अधिकारिक पुष्टि अभी मेला प्रशासन ने नहीं की है। जानकारी के अनुसार उपायुक्त मंडी से मेले के शुभारंभ को लेकर आग्रह किया है। पहली अप्रैल दोपहर दो बजे के उपरांत चौहारघाटी के आराध्य देवी देवताओं की अगुवाई में पांच दिवसीय देवता मेले का शुभारंभ होगा। इस दौरान सौ से अधिक देवी-देवता मेले के शुभारंभ पर अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे। संवाद