मंडी। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटतुंगल में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन वीरवार को बड़े हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऊना बद्री सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य अंजलि कपूर ने की। कार्यक्रम में मंच संचालन भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता रमेश ठाकुर ने किया। उन्होंने मुख्यातिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। वार्षिक समारोह में बच्चों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्राओं ने नाटी पर प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बिन बरसे चली जायां बदरा, गंगा दे नहाणवे जांदा मेरे मोहणा, मोड़ा पर होरन बजाई देंया ड्राइवरा, दूरा ते न मार सीटियां, माए नी मेरिये शिमले दी राहें चंबा कितनी क दूर हो.. पर खूब धमाल मचाया। इसके अतिरिक्त मुख्यातिथि ने जिला स्तरीय, राज्यस्तरीय और खंडस्तरीय प्रतियोगिताओं और शैक्षणिक गतिविधियों में अव्वल रहे बच्चों को इनाम देकर सम्मनित किया। जिसमें विशाल, ईश, रोशन, अंजलि, तरुण, शालू, निकुंज, भारती, नितु ठाकुर, विशाल, रोहित शामिल रहे। मुख्यातिथि ने स्कूल के सातवीं कक्षा के दिव्यांग बच्चे रोहित को 21 सौ रुपये की आर्थिक सहायता दी। इस मौके पर रिटायर्ड डीएसपी काहन सिंह, लेफ्टिनेंट हुक्म चंद (रिटायर्ड), कड़कोह स्कूल के प्रधानाचार्य मस्त राम ठाकुर, चेत राम गुमराह के डाकपाल, राजनीतिक विज्ञान प्रवक्ता रवि सिंह, अभिभावक, अध्यापक और स्कूली बच्चे मौजूद रहे।