हरिपुर (कुल्लू)। बांका स्कूल (सुंदर) पहल की शिक्षक भवन कल्याण समिति ने फिर से शुरुआत की है। शनिवार को शिक्षा खंड नग्गर के राजकीय उच्च विद्यालय रूमसू का कायाकल्प किया। शिक्षकों, अभिभावकों और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) के प्रशिक्षुओं ने मिलकर विद्यालय में रंग-रोगन किया। विद्यार्थियों की वार्षिक परीक्षाओं के कारण समिति ने बांका स्कूल पहल को कुछ समय के लिए स्थगित कर दिया था।
विद्यालय की प्रभारी शिक्षिका बबीता ने कहा कि शिक्षक भवन कल्याण समिति के प्रयासों से विद्यालय को सुंदर रूप में संवारने में मदद मिली है। उन्होंने समिति और डाइट प्रशिक्षुओं का आभार व्यक्त किया। शिक्षक भवन कल्याण समिति के अध्यक्ष श्याम लाल हांडा ने कहा कि जब विद्यार्थी स्वच्छ और सुंदर विद्यालय भवन में पढ़ेंगे, तो उनके लिए स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और भी आसान होगा। स्वच्छता से प्रेरित होकर विद्यार्थी जागरूकता लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष चेतराम, डाइट प्रवक्ता जीत राणा और अन्य लोग भी उपस्थित रहे। संवाद