धर्मशाला। जिला कांगड़ा में लगातार हो रही बारिश-बर्फबारी अब लोगों के लिए आफत बनने लगी है। शुक्रवार को भी दुर्गम क्षेत्र मुल्थान में बर्फबारी का दौर जारी रहा। इसके चलते दुर्गम क्षेत्र का संपर्क कट गया। क्षेत्र की चार सड़कें पहले ही बर्फबारी के कारण बंद हो चुकी थीं, लेकिन शुक्रवार को मुख्य मार्ग भी भारी बर्फबारी के कारण ठप हो गया।
शुक्रवार को नड्डी, भागसूनाग और डल झील सहित बीड़ बिलिंग में बर्फबारी हुई। बर्फबारी के कारण जिले के कई ऊंचाई वाले क्षेत्र के लोगों को अब परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर बर्फ जमने के कारण वाहनों की आवाजाही में भी दिक्कतें पेश आ रही हैं। शुक्रवार को जिला के मैदानी इलाकों में सुबह तक रुक-रुक कर बारिश होती रही, जबकि ठंड का प्रकोप भी बढ़ गया है।