Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   hp high court orders: Freezing an entire salary account in the name of a cyber fraud investigation is improper

हिमाचल हाईकोर्ट फैसले: साइबर फ्रॉड की जांच के नाम पर पूरा सैलरी अकाउंट फ्रीज करना गलत

Tue, 03 Nov 2026 05:58 PM IST
Krishan Singh संवाद न्यूज एजेंसी, शिमला।
संवाद न्यूज एजेंसी, शिमला। Published by: Krishan Singh Updated Tue, 03 Nov 2026 05:58 PM IST
सार

 प्रदेश हाईकोर्ट ने साइबर अपराधों की जांच के नाम पर आम नागरिकों के पूरे बैंक खाते फ्रीज करने की पुलिस की कार्यप्रणाली पर कड़ा रुख अपनाया है। जानिए कोर्ट के महत्वपूर्ण फैसले

विज्ञापन
hp high court orders: Freezing an entire salary account in the name of a cyber fraud investigation is improper
हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने साइबर अपराधों की जांच के नाम पर आम नागरिकों के पूरे बैंक खाते फ्रीज करने की पुलिस की कार्यप्रणाली पर कड़ा रुख अपनाया है। न्यायाधीश संदीप शर्मा की अदालत ने स्पष्ट किया है कि किसी एक संदिग्ध या विवादित लेनदेन के आधार पर किसी व्यक्ति का पूरा सैलरी अकाउंट फ्रीज करना उसके आजीविका और गरिमापूर्ण जीवन के अधिकार का उल्लंघन है। अदालत ने याचिकाकर्ता को राहत देते हुए एसबीआई की गानवी शाखा को निर्देश दिया कि विवादित 21 हजार रुपये को छोड़कर खाते की शेष राशि तत्काल अनफ्रीज की जाए। याचिकाकर्ता शिव सिंह शिमला जिले की रामपुर तहसील के गानवी में पटवारी हैं। उन्होंने अपने मोबाइल पर एक गेमिंग एप डाउनलोड किया था। गेम खेलकर उन्होंने 21 हजार रुपये जीते थे, जो नौ जुलाई 2026 को डिजिटल गेटवे के माध्यम से उनके एसबीआई सैलरी अकाउंट में जमा हुए। इसके बाद महाराष्ट्र के ठाणे की साइबर क्राइम पुलिस की शिकायत और नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल से मिले अलर्ट के आधार पर बैंक ने उनके पूरे खाते पर डेबिट फ्रीज लगा दिया। इस खाते से ही उनके परिवार का खर्च चलता था। खाता फ्रीज होने से ये सभी जरूरी भुगतान रुक गए। याचिकाकर्ता ने साइबर सेल और बैंक से कई बार गुहार लगाई, लेकिन राहत नहीं मिलने पर उन्होंने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया।

विज्ञापन
Trending Videos

जालसाज ठगी की रकम से खरीदारी करते हैं
अदालत ने कहा कि साइबर अपराधों में अकसर जालसाज ठगी की रकम से खरीदारी करते हैं। पुलिस जब रकम के लेनदेन का पता लगाती है तो उससे जुड़े सभी बैंक खातों को फ्रीज कर दिया जाता है। इस प्रक्रिया में कई बार निर्दोष लोग भी बिना किसी गलती के परेशानी झेलने को मजबूर हो जाते हैं। याचिकाकर्ता इस मामले में मुख्य आरोपी के बजाय अनजाने में रकम प्राप्त करने वाला व्यक्ति भी हो सकता है। कोर्ट ने कहा कि बिना कारण बताओ नोटिस दिए या सुनवाई का अवसर प्रदान किए पूरे खाते को फ्रीज करना संविधान के अनुच्छेद 14, 19(1)(जी) और 21 के तहत प्राप्त अधिकारों का उल्लंघन है। अदालत ने स्पष्ट किया कि जांच एजेंसियों को बैंक खाते फ्रीज करने का अधिकार जरूर है, लेकिन इसका इस्तेमाल सावधानी और संवेदनशीलता के साथ किया जाना चाहिए। जब विवादित राशि की स्पष्ट पहचान हो चुकी है और इस मामले में वह 21 हजार रुपये हैं, तो पूरे खाते को फ्रीज रखने का कोई औचित्य नहीं है। ऐसे मामलों में केवल विवादित रकम पर रोक लगाना ही उचित अंतरिम उपाय है।

विज्ञापन
विज्ञापन

बेदखली आदेश के प्रकाशन से शुरू होगी अपील की समयसीमा
 प्रदेश हाईकोर्ट ने बेदखली के एक मामले में स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक परिसर अधिनियम के तहत अपील दायर करने की समयसीमा आदेश की घोषणा की तारीख से नहीं, बल्कि उसके प्रकाशन की तारीख से गिनी जाएगी। न्यायाधीश संदीप शर्मा ने डॉ. वाईएस परमार औद्योगिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी से जुड़े एक मामले में यह आदेश सुनाया। हाईकोर्ट ने डिवीजनल कमिश्नर के पूर्व आदेश को रद्द करते हुए मामले की मेरिट के आधार पर दोबारा सुनवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही याचिकाकर्ता को आदेश जारी होने के दो सप्ताह के भीतर 7,75,710 रुपये का बकाया किराया जमा कराने को कहा है। यह राशि जमा करते ही याचिकाकर्ता को अपील लंबित रहने के दौरान दुकान का कब्जा वापस सौंप दिया जाएगा। याचिकाकर्ता उत्तम चंद के खिलाफ सब-डिवीजनल कलेक्टर, सोलन ने बकाया किराया जमा न कराने पर 10 नवंबर, 2023 को दुकान खाली करने का आदेश दिया था। इस आदेश के खिलाफ याचिकाकर्ता ने डिवीजनल कमिश्नर, शिमला के समक्ष अपील दायर की थी। हालांकि, कमिश्नर ने 148 दिनों की देरी का हवाला देते हुए अपील खारिज कर दी थी। हाईकोर्ट ने पाया कि कलेक्टर का बेदखली आदेश कभी सार्वजनिक रूप से प्रकाशित ही नहीं किया गया था। अदालत ने स्पष्ट किया कि हिमाचल प्रदेश सार्वजनिक परिसर (अनधिकृत कब्जाधारियों की बेदखली) अधिनियम, 1971 की धारा 9(2) के तहत अपील दायर करने की 30 दिनों की समयसीमा आदेश के प्रकाशन के बाद ही शुरू होती है।

विज्ञापन

कसोल वेस्ट प्लांट में बजट की कमी पर हाईकोर्ट सख्त, ग्रामीण विकास सचिव को बनाया पक्षकार
 प्रदेश हाईकोर्ट ने कुल्लू के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कसोल में ठोस कचरा प्रबंधन को लेकर बड़ा कदम उठाया है। अदालत ने कसोल स्थित वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में मेश वर्क (जाल लगाने के काम) के लिए बजट की कमी पर कड़ा संज्ञान लेते हुए प्रदेश के ग्रामीण विकास विभाग के सचिव को मामले में नए पक्षकार के रूप में शामिल किया है। मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह संधावालिया और न्यायाधीश बिपिन चंद्र नेगी की खंडपीठ ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कुल्लू के सचिव की ओर से सौंपी गई निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर यह आदेश दिया। अदालत ने कसोल पंचायत को भी हलफनामा दायर कर यह बताने के निर्देश दिए हैं कि घर-घर से कूड़ा एकत्र करने और उसे नियमित रूप से प्लांट तक पहुंचाने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं। राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भी प्लांट की ताजा निरीक्षण रिपोर्ट पेश करने को कहा गया है। अगली सुनवाई 16 दिसंबर को होगी। निरीक्षण रिपोर्ट में बताया गया है कि ग्राहण रोड, कसोल स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में लगी महंगी मशीनों की सुरक्षा के लिए जाल लगाने की सख्त जरूरत बताई गई है। इस काम पर कुल 9,42,649 रुपये खर्च होने का अनुमान है, जबकि संबंधित बजट मद में केवल 5,16,875 रुपये ही उपलब्ध हैं। इस कारण 4,25,774 रुपये की कमी के चलते ग्रामीण विकास विभाग यह जरूरी काम नहीं करवा पा रहा था। अदालत को बताया गया कि प्लांट का प्रबंधन हीलिंग हिमालयाज एनजीओ की ओर से किया जा रहा है। एनजीओ के वालंटियर्स घर-घर जाकर प्रतिदिन करीब 1.2 से 1.3 टन कचरा एकत्र करते हैं। इसके बाद कचरे को अलग-अलग किया जाता है। रिसाइकिल होने योग्य कचरे को मोहाली भेजा जाता है, जबकि गैर-रिसाइकिल कचरे को सीमेंट प्लांट भेजा जाता है। हाईकोर्ट ने सरकार को बजट आवंटन के संबंध में आवश्यक हलफनामा दायर करने के निर्देश दिए हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed