Himachal News: शिमला में निजी बस पर गिरी चट्टानें, दो महिला यात्रियों की मौत; 15 से ज्यादा घायल
शिमला में एनएच पांच पर बिथल के पास कालीमिट्टी में एक निजी बस HP63A 1891 (विशाल ट्रैवल) पर पहाड़ से चट्टानें गिर गई। हादसे में दो महिला यात्रियों की मौत हो गई।
विस्तार
उपमंडल कुमारसैन के तहत आने वाले नेशनल हाईवे पांच काली मिट्टी के पास बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे चलती बस पर पहाड़ी से भारी भरकम चट्टान आ गिरी। एकाएक पहाड़ी से बस के ऊपर गिरी चट्टान की चपेट में बस में बैठी सवारियां आ गई, जिनमें से दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 सवारियां घायल हो गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक निजी बस विशाल कोच नंबर एचपी 63ए- 1891 शिमला से रामपुर की ओर आ रही थी। बिथल के समीप काली मिट्टी के पास पहाड़ी से चट्टान बस पर गिर गई और इस हादसे में लक्ष्मी विरानी, पुत्री रामचरण, निवासी जलगांव, महाराष्ट्र और नेपाली मूल की महिला की मौत हो गई, जिसकी अब तक पहचान नहीं हो पाई है। वहीं, हादसे में 15 सवारियों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए रामपुर के महात्मा गांधी खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया है। वहीं, घटना पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने दुख जताया है।
काली मिट्टी-बिथल, राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर एक निजी बस पर पत्थर गिरने से 2 पर्यटकों की मृत्यु और अन्य 15 लोगों के घायल होने का समाचार अत्यंत दु:खद है। ईश्वर दिवंगत जनों की आत्मा को शांति प्रदान करें। मेरी संवेदनाएँ शोकाकुल परिवारों के साथ हैं।
विज्ञापन
सभी घायल यात्रियों को नज़दीकी… pic.twitter.com/ra8PoDXggB— Sukhvinder Singh Sukhu (@SukhuSukhvinder) September 3, 2025
जिला किन्नौर के राष्ट्रीय उच्च मार्ग-पांच पर वांगतू के पास मंगलवार देर रात को पहाड़ी से भूस्खलन होने के कारण भारी भरकम चट्टानें गिरीं। इससे करीब पांच वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। इस दुर्घटना में टैंकर चालक समेत पांच अन्य निजी कंपनी के सेब पैकर घायल हुए हैं। मंगलवार रात को करीब 11:15 बजे भूस्खलन हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस थाना टापरी से थाना प्रभारी टापरी शिव कुमार की अगुवाई में आरक्षी शिव सिंह, आरक्षी पंकज, आरक्षी पवन, चालक गृह रक्षक भुट्टो राम की टीम घटनास्थल पर पहुंची।
भूस्खलन से बलवंत सिंह, पुत्र रमेश चंद, निवासी फगलो, तहसील ज्वालामुखी, जिला कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश (टैंकर संख्या एचआर 37ई0875 का चालक), अशोक, पुत्र बिहारी लाल, निवासी ग्राम हजूरपुर, डाकघर बेहराइच, जिला केसरगंज, उत्तर प्रदेश, उम्र 26 वर्ष, शमसुद्दीन, पुत्र नकछेद, निवासी गौरव कला, मोहम्मदपुर, उत्तर प्रदेश, उम्र 34 वर्ष, सूरज, पुत्र कंदेई लाल, निवासी खानपुर, तहसील केसरगंज, जिला बहराइच, उत्तर प्रदेश और मोहम्मद सिराज, पुत्र जमील अहमद, निवासी बहराइच, तहसील केसरगंज, जिला बहराइच, उत्तर प्रदेश, उम्र 27 वर्ष घायल हुए हैं।