{"_id":"68b1c878dae58d849b0b896a","slug":"himachal-disaster-cm-sukhu-said-take-help-of-air-force-for-relief-work-in-disaster-affected-areas-2025-08-29","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Himachal Disaster : सीएम सुक्खू बोले- आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों के लिए वायु सेना का लें सहयोग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Himachal Disaster : सीएम सुक्खू बोले- आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों के लिए वायु सेना का लें सहयोग
Fri, 29 Aug 2025 09:04 PM IST
अंकेश डोगरा
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।
Published by: अंकेश डोगरा
Updated Fri, 29 Aug 2025 09:04 PM IST
सार
Himachal Disaster : शुक्रवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आपदा प्रभावित चंबा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, कांगड़ा और मंडी के अधिकारियों के साथ दिल्ली से वर्चुअल बैठक के दौरान निर्देश जारी किए।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू वर्चुअल बैठक करते हुए।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विस्तार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों के लिए वायु सेना का सहयोग लेने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित चंबा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, कांगड़ा और मंडी के अधिकारियों के साथ दिल्ली से वर्चुअल बैठक के दौरान निर्देश जारी किए। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को सड़कों, विद्युत, पेयजल-सिंचाई परियोजनाओं और संचार सेवाओं की स्थिति से अवगत करवाया।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने राहत व बचाव अभियान युद्ध स्तर पर चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भरमौर में फंसे यात्रियों के लिए भोजन व ठहरने की व्यवस्था की जाए। बीमार और वृद्ध यात्रियों को हेलीकाप्टर से निकाला जाए। दुर्गम क्षेत्रों में फंसे श्रद्धालुओं के लिए हवाई मार्ग से भोजन पहुंचाने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन कार्यों के लिए चंबा के भरमौर में तैनात मंडलायुक्त कांगड़ा, चंबा के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक से भी बात की। डीआईजी कांगड़ा से भी चर्चा की। मुख्य सचिव ने बताया कि सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। उनके रहने, खाने और फर्स्ट एड की सुविधा का प्रावधान किया गया है।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने चंबा चौगान में रुके श्रद्धालुओं की घर वापसी के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि चंबा शहर में जियो, एयरटेल व बीएसएनएल की संचार सेवाएं बहाल कर दी गई हैं। कांगड़ा से तीन सेटेलाइट फोन चंबा भेजे गए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों में सड़कें, पेयजल और विद्युत आपूर्ति को बहाल करने के लिए अतिरिक्त मशीनें और श्रम शक्ति की तैनाती के निर्देश दिए। कुल्लू और मंडी जिला के उपायुक्तों को वैकल्पिक मार्गों से वाहनों की आवाजाही शुरू करने के निर्देश दिए। बड़ा भंगाल में रुके लोगों के लिए हवाई मार्ग से खाद्य सामग्री भेजने के निर्देश दिए। सिस्सू में फंसे सभी 380 पर्यटकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। बैठक में बताया गया कि पठानकोट-चंबा मार्ग को खोल दिया गया है। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को राहत कार्यों के लिए जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाने के निर्देश दिए। प्रबोध सक्सेना ने मुख्यमंत्री को बताया कि वह स्वयं राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।