हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर के वार्ड नंबर छह में रविवार शाम को हुई भारी बारिश से काफी नुकसान हुआ है। यहां सरोज भाटिया, सुनीता कुमारी, कोमल भोटिया के घर में पानी घुसने से कमरों में रखा सामान खराब हो गया। घरवालों ने काफी मशक्कत के बाद बाल्टी और अन्य बर्तनों की मदद से पानी बाहर निकाला। दो दिन पहले भी घर में पानी घुसने से काफी नुकसान हुआ था। तब दमकल विभाग के कर्मचारियों ने मोटर लगाकर पानी बाहर निकाला था।
अब रविवार को सरोज कुमारी के घर में पानी घुसने से बेड बॉक्स, अलमारी व कपड़ों को नुकसान पहुंचा है। वहीं, अन्य लोगों के घरों में भी नुकसान पहुंचा है। उधर, वार्ड नंबर छह की पार्षद सुदेश आनंद और वार्ड नंबर आठ के पार्षद विनय कुमार, प्रधान मनोज मिन्हास मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि कुछ घरों में बारिश का पानी घुसने से परिवार का काफी नुकसान हुआ है। समस्या का समाधान किया जा रहा है। रविवार शाम को जिलाभर में करीब एक घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश से लोगों को परेशानी हुई। जिला मुख्यालय में इस दौरान बिजली भी गुल रही। जबकि, वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक जाने में परेशानी हुई।