हिमाचल: देश विरोधी पोस्ट के आरोप में सहारनपुर का युवक गिरफ्तार, मोबाइल फोन जब्त
सहारनपुर निवासी 21 वर्षीय हमजा हमीरपुर शहर के प्रतापगली में एक दुकान पर लंबे समय से टेलरिंग का काम कर रहा था। पुलिस ने उसे सोशल मीडिया पर कथित तौर पर देश विरोधी पोस्ट और सामग्री साझा करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। मंगलवार को अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
केंद्र और प्रदेश की खुफिया एजेंसियों की सूचना पर सदर थाना पुलिस की ओर से सोमवार शाम गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान मोहम्मद हमजा के रूप में हुई है। सहारनपुर निवासी 21 वर्षीय हमजा हमीरपुर शहर के प्रतापगली में एक दुकान पर लंबे समय से टेलरिंग का काम कर रहा था। पुलिस ने उसे सोशल मीडिया पर कथित तौर पर देश विरोधी पोस्ट और सामग्री साझा करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। मंगलवार को अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
खुफिया जांच एजेंसी को हमजा के सोशल मीडिया अकाउंट से कथित तौर पर देश विरोधी सामग्री साझा किए जाने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में देश विरोधी गतिविधियों से किसी तरह के संबंध की आशंका को भी जांच के दायरे में रखा गया है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। पुलिस के अलावा अन्य जांच एजेंसियों की ओर से भी आरोपी से पूछताछ किए जाने की सूचना है।
जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मंगलवार को हमजा से पूछताछ की। पुलिस ने उसके मोबाइल फोन सहित अन्य सामान को उसके किराये के कमरे से कब्जे में लिया है। हमजा का परिवार हमीरपुर शहर की प्रताप गली में किराये के कमरे में रहता है। उसका पिता हमीरपुर में कबाड़ी का काम करता है। पुलिस अब आरोपी के सोशल मीडिया खातों, साझा की गई सामग्री और अन्य गतिविधियों की जांच कर रही है। रिमांड के दौरान पुलिस इन पहलुओं को खंगालेगी।
मामले में सदर थाना पुलिस जांच कर रही है। किसी व्यक्ति को दुकान पर काम पर रखने अथवा किराये पर घर देने से पहले उसकी पुलिस वेरिफिकेशन जरूर करवाएं। बाहरी राज्यों के लोगों की पुलिस वेरिफिकेशन करवाना जरूरी है। लोग इसमें पुलिस का सहयोग करें। -बलवीर ठाकुर, एसपी हमीरपुर