{"_id":"c4a56d6c5fe432ed4d2dab1911700e69","slug":"chamunda-karsog-bus-stopped-at-naudan-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"चामुंडा-करसोग नॉन स्टाप बस को निजी ऑपरेटरों ने रोका","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
चामुंडा-करसोग नॉन स्टाप बस को निजी ऑपरेटरों ने रोका
ब्यूरो, अमर उजाला/नादौन(हमीरपुर)।
Updated Thu, 28 Jan 2016 11:04 PM IST
विज्ञापन
पुलिस थाना नादौन के अंतर्गत बस अड्डा नादौन में समय सारिणी को लेकर निजी बस ऑपरेटरों का निगम बस के चालक-परिचालक के साथ झगड़ा हो गया है। झगड़े के दौरान करीब 20 मिनट तक जाम लग गया। अन्य निजी बस ऑपरेटरों ने झगड़ा कर रहे ऑपरेटरों और चालक-परिचालक को शांत करवाया।
विज्ञापन
बीते तीन माह से करसोग डिपो की नॉन स्टाप बस चामुंडा से करसोग रूट पर दौड़ रही है। बस चालक मुनी लाल ने बताया कि बस ज्वालामुखी से करीब 9 बजे चलकर सवा 9 बजे नादौन पहुंचती है। नादौन में इसका ठहराव एक से दो मिनट का रहता है। बस अड्डा के मुख्य द्वार के बाहर सवारियां उतारने व चढ़ाने के बाद बस हमीरपुर के लिए रवाना होती है। निजी बस ऑपरेटरों ने बस को अड्डा परिसर के बाहर से ही हमीरपुर रवाना करने को लेकर बस चालक को घेर लिया।
विज्ञापन
इस दौरान निजी बस ऑपरेटरों ने बस को अड्डा परिसर के अंदर से होकर हमीरपुर रवाना करने की नसीहत भी दे डाली। हालांकि निगम बस चालक ने नॉन स्टाप बस के बस अड्डा परिसर में जाने के आदेश न होने का हवाला भी दिया, लेकिन निजी बस ऑपरेटरों ने एक न सुनी। बस चालक का आरोप है कि निगम की बस के साथ ही एक निजी बस का शिमला के लिए रूट है। निगम की नॉन स्टाप सेवा से निजी बस का रूट प्रभावित हो रहा है। इसी कारण निजी बस ऑपरेटरों ने अड्डा परिसर के बाहर बस घेरकर उसे परेशान किया है।
विज्ञापन
उधर, आरएम करसोग रघुवीर सिंह का कहना है कि चामुंडा से करसोग चलने वाली बस का रूट सरकार द्वारा तय किया गया है। यदि किसी ने भी सरकारी बस को रोकने का प्रयास किया, तो निगम प्रबंधन उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करेगा। वीरवार को जो कुछ हुआ है, उसकी रिपोर्ट लेकर कार्रवाई की जाएगी।