हमीरपुर। किसान संगठनों और केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के संयुक्त आह्वान पर सोमवार को हमीरपुर में सीटू ने जिला मुख्यालय में विरोध प्रदर्शन किया। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि मोदी जब सत्ता में नहीं थे तब किसानों के लिए स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के आधार पर फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य देने और उनकी सरकार की ओर से उसी मूल्य पर फसलों को खरीदने की गारंटी देते थे। जब खुद सत्ता में आए तो न्यूनतम समर्थन मूल्य मांगने पर किसानों के आंदोलन का दमन किया जा रहा है। सीटू के राष्ट्रीय सचिव डॉ. कश्मीर सिंह ठाकुर ने कहा कि एमएसपी के लिए कानून नहीं बना है, जिसके लिए देश के किसान लगातार आंदोलनरत है। मोदी सरकार किसानों की जायज मांगों को पूरा करने के बजाय हमले कर रही है। ड्रोन से आंसू गैस के बम गिराए जा रहे हैं। सीटू ने मांग की है कि किसी शहीद हुए किसान के परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा दिया जाए और जिन किसानों के ट्रैक्टरों को नुकसान पहुंचाया गया है उसका उचित मुआवजा दिया जाए। सीटू ने देश के गृह मंत्री अमित शाह और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के इस्तीफे और फसलों की सुरक्षा के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य के लिए कानून बनाने की मांग की है। इस दौरान सीटू जिला सचिव जोगिंद्र कुमार, नवीन ठाकुर, अनीता देवी, कांता, सुशील कुमार, ब्रह्म दास, सुरेश, प्रवीण, जितेंद्र धीमान आदि उपस्थित रहे।