सलौणी (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर की पाहलू पंचायत के कंदोह गांव में आग से एक पशुशाला जलकर राख हो गई। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे लगी आग से लाखों का नुकसान हुआ है। वहीं, हलका पटवारी पूजा ने भी मौके का जायजा लिया है। जानकारी के मुताबिक अशोक कुमार पुत्र ओंकार सिंह की पशुशाला में अचानक आग लग गई। जब ग्रामीणों ने पशुशाला से धुआं उठता देखा तो सभी ने एकत्रित होकर आग बुझाने के भरसक प्रयास किए, लेकिन आग ने इतना भयंकर रूप धारण कर लिया था कि सब कुछ जल गया।
गनीमत रही कि पशु बाहर ही बंधे हुए थे। पशुशाला में रखी इमारती लकड़ी और पशुचारा भी जल गया। पाहलू पंचायत के उपप्रधान रवि कुमार और हलका पटवारी पूजा देवी ने सूचना मिलते ही घटनास्थल का दौरा किया और नुकसान का जायजा लिया। हलका पटवारी पूजा ने बताया कि करीब एक लाख रुपये का नुकसान आंका गया है। जिसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है। पाहलू पंचायत के प्रधान केसर सिंह ने सरकार और प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।