हमीरपुर। सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के अंतर्गत सुजानपुर टीहरा के मैदान में चल रही अग्निवीर भर्ती की सामान्य ड्यूटी की भर्ती प्रक्रिया के अंतिम दिन महज 360 अभ्यर्थी ही दौड़ उत्तीर्ण कर पाए हैं। सोमवार से अब क्लर्क, ट्रेड्समैन, स्टोरकीपर और तकनीकी पदों की भर्ती शुरू होगी। सामान्य ड्यूटी की भर्ती प्रक्रिया में कुल 3,213 अभ्यर्थियों ने दौड़ उत्तीर्ण की है।
सातवें दिन रविवार को हमीरपुर जिले की तहसील सदर, बिझड़ी और भोरंज के 2,726 युवा बुलाए गए थे। इनमें से महज 1,968 ही मैदान में पहुंचे और 360 ही दौड़ उत्तीर्ण कर पाए हैं। पहले दिन 345 ने, दूसरे दिन 417, तीसरे दिन 573, चौथे दिन 449, पांचवें दिन 566, छठे दिन 503 और सातवें दिन 360 ने दौड़ उत्तीर्ण की है। आठवें दिन भर्ती के लिए जिला हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर के अग्निवीर तकनीकी, अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर, अग्निवीर ट्रेड्समैन अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल संजीव कुमार त्यागी ने कहा कि तीनों जिलों के अभ्यर्थियों की सामान्य ड्यूटी पदों की भर्ती प्रक्रिया रविवार को पूरी हो गई है। सोमवार को अन्य पदों के लिए भर्ती होगी।