कानपुर: घाटमपुर उप डाकघर घोटाला…रकम 1.63 करोड़ के पार, चार और खाताधारक पहुंचे थाने, पुलिस ने दर्ज किए बयान
Kanpur News: घाटमपुर उप डाकघर में हुए करोड़ों रुपये के घोटाले में पीड़ितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। बुधवार को चार और नए खाताधारकों ने थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद कुल शिकायतों की संख्या 31 और घोटाले की रकम बढ़कर 1.63 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है।
विस्तार
कानपुर में घाटमपुर उप डाकघर घोटाले के पीड़ितों की संख्या रोज बढ़ रही है। बुधवार को चार नए खाता धारक अपनी अपनी शिकायतें लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने सभी के बयान दर्ज कराए हैं। अब तक घोटाले के शिकार 31 लोग शिकायत दर्ज करा चुके हैं। घोटाले की रकम 1.63 करोड़ रुपये के पार हो गई है।
थाने पहुंचे बरौली के रंजीत ने बताया कि उनकी एफडी फर्जी निकली है। बचत खाते में भी रुपये नहीं बचे हैं। कुल 15 लाख रुपये हजमकर फर्जी पासबुकें थमाई गई थीं। कस्बे के कूष्मांडानगर की रमा देवी ने बताया कि उन्होंने पांच लाख रुपये काउंटर में जमा किए थे। उनकी भी पासबुक फर्जी बताई जा रही है।
अब खाता फर्जी बताया जा रहा है
बनहरी गांव निवासी विनय प्रकाश ने शिकायत की कि 11 सितंबर 2021 को उसने खाता शैलेंद्र पांडेय से खुलवाया था। किस्तों में करीब 3.60 लाख जमा किए थे। पासबुक लेकर चेक कराने गए तो खाते में पैसे ही नहीं बचे हैं। कानपुर देहात के आलापुर निवासी महेश ने बताया कि 22 फरवरी 2018 को 30 हजार की एफडी शैलेंद्र से कराई थी। अब खाता फर्जी बताया जा रहा है।
मास्टरमाइंड शैलेंद्र पांडेय भेजा गया जेल
घाटमपुर उप डाकघर में हुए घोटाले के मास्टरमाइंड कथित एजेंट शैलेंद्र पांडेय को पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया है। पूछताछ में उसने डाकघर के बाबुओं से संलिप्तता की बात कही थी। अब पुलिस डाकघर में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को टटोलने में जुट गई है। मामले में उच्च अधिकारियों की भी भूमिका से इन्कार नहीं किया जा सकता, क्योंकि सब कुछ जानने के बाद भी वर्षों से मामला दबा था।
कई अधिकारियों व कर्मचारियों के नाम भी आए हैं सामने
कस्बे के कूष्मांडा मंदिर मोड़ से मंगलवार को गिरफ्तार किए गए उप डाकघर घोटाले के मुख्य आरोपी शैलेंद्र ने पूछताछ में बताया था कि समय-समय पर तैनात रहे अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ मिलकर वह फर्जीवाड़ा करता रहा है। पुलिस ने पूर्व में तैनात रहे व वर्तमान में शुक्लागंज में तैनात बाबू नरेश साहू को हिरासत में भी ले लिया है। अभी उससे पूछताछ की जा रही है। शैलेंद्र से पूछताछ में कई अधिकारियों व कर्मचारियों के नाम भी सामने आए हैं।
मिलीभगत से किया गया है पूरा घोटाला
थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया ने डाक विभाग से पिछले 15 वर्षों में तैनात रहे अधिकारियों व कर्मचारियों का विवरण मांगा है। एसीपी कृष्णकांत ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपी शैलेंद्र पांडेय को जेल भेज दिया गया है। कर्मचारियों की मिलीभगत से पूरा घोटाला किया गया है। डाक विभाग से जानकारी मांगी गई है। जानकारी मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
