{"_id":"664009d14cab09ce54000ba7","slug":"electric-bus-crushed-activa-rider-yamuna-nagar-news-c-246-1-sknl1019-118856-2024-05-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"Yamuna Nagar News: इलेक्टि्रक बस ने एक्टिवा सवार को कुचला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Yamuna Nagar News: इलेक्टि्रक बस ने एक्टिवा सवार को कुचला
विज्ञापन
विज्ञापन
यमुनानगर। रेलवे रोड पर न्यू मार्केट के सामने शनिवार शाम को इलेक्ट्रिक बस की चपेट में आने से एक्टिवा सवार की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय बस की गति केवल 10-15 प्रति किलोमीटर की थी। एक्टिवा सवार ओवरटेक के चक्कर में बस के पिछले पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की देर शाम तक शिनाख्त नहीं हो पाई थी। सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी जगदीश चंद्र व अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया।
शनिवार शाम को इलेक्ट्रिक बस रेलवे स्टेशन की तरफ से शहीद भगत सिंह चौक की तरफ आ रही थी। बस जब रेलवे स्टेशन से कुछ ही दूरी पर न्यू मार्केट के पास पहुंची। पीछे से एक एक्टिवा सवार युवक बस को ओवरटेक करने लगा। इस दौरान वह बस की साइड में टकरा गया और सड़क पर गिर गया। बस के पिछले पहिये के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। दुकानदार जसनदीप व अन्य लोगों की मदद से शव को बस के नीचे से बाहर निकाला गया। पुलिस ने घटनास्थल पर खड़े लोगों से मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई। समाचार लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई थी।
विज्ञापन
उधर, बस चालक रतनगढ़ निवासी प्रवीन कुमार ने बताया कि शाम के समय वह रेलवे स्टेशन से जगाधरी बस स्टैंड के लिए चला था। न्यू मार्केट के पास पीछे से बस में टकराने की आवाज आई तो उसने तुरंत बस को रोक लिया। उसने देखा कि एक एक्टिवा सवार उसकी बस से टकराकर सड़क पर पड़ा हुआ था। उसने हादसे की सूचना तुरंत डायल 112 पर व अपने उच्च अधिकारियों को दी।
विज्ञापन
शहर थाना प्रभारी जगदीश चंद्र का कहना है कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया, लेकिन किसी ने उसकी शिनाख्त नहीं दी। शिनाख्त के लिए शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। एक्टिवा के नंबर के आधार पर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।