Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Yamuna Nagar News ›   Chhachhrauli Chowpal

Yamuna Nagar News: चौपाल में गूंजा छछरौली में नशा और सफाई व्यवस्था का मुद्दा

Fri, 27 Nov 2026 01:01 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर Updated Fri, 27 Nov 2026 01:01 AM IST
विज्ञापन
Chhachhrauli Chowpal
छछरौली के पंचायत कार्यालय में आयोजित चौपाल में उप​स्थित अ​धिकारी व ग्रामीण। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

छछरौली। मेरा गांव-मेरी शान कॉलम के तहत वीरवार को छछरौली के पंचायत कार्यालय में चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में गांव के लोगों ने खुलकर अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। किसी ने गांव में बढ़ते नशे के बढ़ने पर चिंता जताई तो किसी ने सफाई व्यवस्था की बदहाली का मुद्दा उठाया।
इसके अलावा अवैध कब्जों पर कार्रवाई करने, दिव्यांग की पेंशन लगवाने और आधार कार्ड बनाने की सुविधा शुरू करने की मांग भी प्रमुखता से उठी। चौपाल में पंचायत सचिव राजेश सैनी, सरपंच प्रतिनिधि संजीव बिट्टू और थाना छछरौली से एएसआई वेदपाल व एएसआई मनजीत कौर मौजूद रहे। अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान का आश्वासन दिया।
विज्ञापन

चौपाल में वार्ड 17 निवासी नरेंद्र कुमार ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि एक हादसे में उनका हाथ कट गया था। इसके बाद से वह काम करने में भी असमर्थ हैं, लेकिन इसके बावजूद आज तक उनकी पेंशन नहीं लग पाई है। उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पेंशन लगवाने की मांग की, ताकि उन्हें आर्थिक सहायता मिल सके।
विज्ञापन
विज्ञापन

गुलजार अहमद ने गांव की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि नियमित रूप से सफाई नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। गलियों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि गांव में नशे का कारोबार भी तेजी से बढ़ रहा है।
नशे की बिक्री के कारण युवा पीढ़ी पर बुरा असर पड़ रहा है। उन्होंने पुलिस से मांग की कि नशा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही गांव में नशे की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए नियमित निगरानी की जाए।

चौपाल में मुख्तार अली ने आधार कार्ड बनवाने की सुविधा का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि छछरौली में आधार कार्ड नहीं बन रहे हैं। इस कारण लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए जगाधरी या यमुनानगर जाना पड़ता है। इससे लोगों का समय और पैसा दोनों खर्च होते हैं। खासकर बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने गांव में ही आधार कार्ड बनाने और उनमें संशोधन की सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग की।

चौपाल में लोगों ने गांव में हो रहे अवैध कब्जों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जगहों और सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। लोगों ने पंचायत और संबंधित विभागों से मांग की कि ऐसे मामलों की जांच करवाई जाए और अवैध कब्जों को हटाया जाए, ताकि गांव की सार्वजनिक संपत्ति का उपयोग सभी ग्रामीण कर सकें।

समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन
पंचायत सचिव राजेश सैनी और सरपंच प्रतिनिधि संजीव बिट्टू ने चौपाल में ग्रामीणों की ओर से रखी गई समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर से जिन समस्याओं का समाधान संभव है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर करवाया जाएगा। वहीं अन्य समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने भी लोगों की बात सुनी और नशे के खिलाफ कार्रवाई में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। सैनी ने कहा कि चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी बात सीधे जिम्मेदार लोगों तक पहुंचाने का अवसर मिलता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed