गोहाना। पुराना बस स्टैंड स्थित सत नगर में आजाद हिंद देशभक्त मोर्चा के सदस्यों ने लाला जगत नारायण का शहादत दिवस मनाया। सदस्यों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्य वक्ता डॉ. संदीप सेतिया ने कहा कि लाला जगत नारायण महान स्वतंत्रता सेनानी और पत्रकार थे। उन्होंने महात्मा गांधी के असहयोग आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लिया और नौ साल जेल में बिताए। आजादी के बाद वे पंजाब कांग्रेस के नेता बने और पंजाब सरकार में मंत्री भी रहे। कार्यक्रम में हरभगवान चौपड़ा, आजाद सिंह डांगी, राधेश्याम बुद्धिराजा, बलवान सिंह, अनिल शर्मा, सौरभ मनचंदा, हिमांशु जैन, प्रियंका, संगीता और काजल मौजूद रहे।