गांधीनगर में निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा गिरा: उप मुख्यमंत्री बोले- सभी श्रमिकों को बचाया गया, 12 को चोटें आईं
Gandhinagar Building Collapse: गुजरात के गांधीनगर के कुडासन इलाके में निर्माणाधीन इमारत का एक हिस्सा गिर गया। दमकल विभाग की टीमें मौके पर बचाव अभियान में जुटी हैं।
विस्तार
गुजरात के गांधीनगर में एक निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा अचानक गिर गया। हादसा कुडासन इलाके में हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू कर दिया। मलबे में कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी दुर्घटनास्थल पर पहुंचे हैं।
राहत व बचाव कार्य जारी
गांधीनगर दमकल कार्यालय के राजेश पटेल के मुताबिक, फिलहाल दमकल विभाग की टीमें घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। मलबे को हटाने और स्थिति का जायजा लेने का काम जारी है।
#WATCH | Gujarat | Visuals from the Kudasan area of Gandhinagar where a portion of an under-construction building collapsed. Rescue operations are underway at the site. More details awaited pic.twitter.com/l8cAorX9g8
विज्ञापन विज्ञापन— ANI (@ANI) September 9, 2026
ये भी पढ़ें: विपक्ष के पीएम चेहरे पर सस्पेंस: कांग्रेस दिग्गज ने राहुल की उम्मीदवारी पर खड़े किए सवाल, बोले- फैसला जल्दबाजी
हादसे में कितने लोग प्रभावित हुए हैं या किसी के हताहत होने की जानकारी है या नहीं, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक विवरण सामने नहीं आया है। दमकल विभाग की टीमें मौके पर स्थिति संभालने में लगी हैं। अधिकारियों की ओर से घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है। जैसे-जैसे मौके से और जानकारी सामने आएगी, स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
#WATCH | Gujarat | Deputy Chief Minister Harsh Sanghavi arrives at the site of an under-construction building collapse in the Kudasan area of Gandhinagar.
— ANI (@ANI) September 9, 2026
Rescue operations are underway at the site. More details awaited pic.twitter.com/1UfW2ut2rZ
दिल्ली में भी हुआ था हादसा
इस घटना के कुछ ही दिन पहले दिल्ली के सत्य निकेतन में पीजी के तौर पर इस्तेमाल हो रही पांच मंजिला इमारत गिर गई थी। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद इमारतों की सुरक्षा और निर्माण के नियमों को लेकर फिर से सवाल उठने लगे हैं।
उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने क्या बताया?
उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने भी घटनास्थल का दौरा किया। इसके बाद उन्होंने कहा, आज कुडासन के बॉस्की द एम्पायर कमर्शियल मॉल में निर्माण के दौरान एक बड़ा स्लैब गिर गया। इसके मलबे में कई लोग फंस गए थे। जिला प्रशासन और पुलिस कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई। सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
उन्होंने बताया कि प्रशासन ने तुरंत हाईटेक मशीनें मौके पर मंगाईं। एक-एक करके लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। कुल 15 लोगों को बचाया गया। इनमें से तीन लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। 12 लोगों को चोटें आई हैं। इनमें से कुछ लोग आईसीयू में हैं। हालांकि, डॉक्टरों के मुताबिक कोई भी व्यक्ति गंभीर हालत में नहीं है। यह एक बड़ा हादसा था। लेकिन सभी 12 घायल लोग सुरक्षित हैं।
उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि घायलों को सही इलाज और पूरी देखभाल मिले। राज्य के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। वे बचाव और राहत के काम पर नजर रख रहे हैं। साइट मैनेजर ने बताया है कि अब कोई भी व्यक्ति मलबे में नहीं फंसा है। फिर भी हमारी जिम्मेदारी है कि जब तक पूरा मलबा हट नहीं जाता, तब तक बचाव का काम जारी रखें। बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। घायलों का इलाज चल रहा है। मलबा हटाने का काम भी शुरू हो गया है।