{"_id":"65f9b5f8dc6b075b840c3269","slug":"sonipat-life-imprisonment-to-brother-and-nephew-in-murder-2024-03-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"Sonipat: टेलर की हत्या में सगे भाई व भतीजे को उम्रकैद, रॉड से हमला कर की थी हत्या","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
Sonipat: टेलर की हत्या में सगे भाई व भतीजे को उम्रकैद, रॉड से हमला कर की थी हत्या
Tue, 19 Mar 2024 09:27 PM IST
भूपेंद्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Tue, 19 Mar 2024 09:27 PM IST
सार
भतीजे की ताऊ के बेटे संग हाथापाई हुई थी। उसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया था।
विज्ञापन
court demo
- फोटो : सोशल मीडिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के सोनीपत में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय पराशर की अदालत ने टेलर की हत्या के मामले में मृतक के भाई व भतीजे को दोषी करार करार देते हुए दोनों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। कोट मोहल्ला में मामूली कहासुनी के बाद भतीजे ने अपने पिता संग मिलकर ताऊ के सिर पर रॉड (लोहे की पाइप) से हमला कर उनकी हत्या कर दी थी। युवक की ताऊ के बेटे संग कहासुनी व हाथापाई हो गई थी। इसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया था।
विज्ञापन
कोट मोहल्ला निवासी अमित ने 17 मार्च 2022 को होली के दिन सिविल लाइन थाना पुलिस को बताया था कि उनके पिता राकेश (47) घर पर ही कपड़े सिलाई का काम करते थे। उन्होंने बताया कि वह 16 मार्च 2022 की शाम को घर के बाहर गए थे। वहां उनकी चचेरे भाई रोहित संग मामूली बात पर कहासुनी हो गई थी।
विज्ञापन
इसके बाद दोनों में हाथापाई हो गई थी। इस पर वह अपने घर आ गए थे। अमित ने बताया था कि देर रात वह नीचे अपने कमरे में थे और उनके पिता राकेश ऊपर छत पर लेटे थे। उसी दौरान रोहित अपने पिता सत्यवान के साथ हाथ में रॉड लेकर उनके घर में आया था। उन्होंने उन्हें धमकी दी थी कि हाथापाई का मजा चखाते हैं।
विज्ञापन
इस पर उसने बचाव में अपने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया था। उसके बाद चाचा व चचेरा भाई सीढि़यों के रास्ते छत पर चले गए थे। तभी उन्हें अपने पिता की चीख सुनाई दी थी। वह ऊपर गए थे तो देखा था कि रोहित उनके पिता राकेश के सिर पर रॉड से हमला कर रहा था।
अमित ने बताया था कि उनके छत पर जाने के बाद रोहित उनकी तरफ भी भागा था तो वह बचाव में छत से दीवार फांदकर बाहर भाग गए थे। इसके बाद हमलावर भी भाग गए थे। उनके दादा रामकुमार व अन्य परिजनों ने उनके घायल पिता को नागरिक अस्पताल पहुंचाया था। जहां पर उनके पिता को मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने अमित के बयान पर उसके चाचा सत्यवान व चचेरे भाई रोहित के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था।
मामले में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। उनसे वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद कर अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया था। अब मामले की सुनवाई के बाद एएसजे अजय पराशर की अदालत ने आरोपी पिता-पुत्र को दोषी करार दिया है। अदालत ने दोनों को हत्या के मामले में उम्रकैद व साथ में 10 हजार रुपये जुर्माना तथा घर में घुसकर हमला करने की धारा में तीन साल कैद व पांच हजार रुपये जुर्माना किया है। दोनों सजा एक साथ चलेंगी।
मातम में बदल गई थीं होली की खुशियां
कोट मोहल्ला के अमित के परिवार के साथ ही आसपास के लोग भी होली पर्व को लेकर तैयारियों में जुटे थे। हालांकि राकेश की हत्या किए जाने से क्षेत्र में मातम पसर गया था। मामूली कहासुनी में खून के रिश्ते को ही मिटाने की चर्चा सभी की जुबान पर थी। राकेश के पास चार बच्चे हैं। जिसमें दो बेटियों दया और मनीषा की शादी हो चुकी है। वहीं उनके दो बेटे अमित और सुमित है। राकेश की हत्या से चारों बच्चों के सिर से पिता का साया सदा के लिए उठ गया था।