सोनीपत में वारदात: रंजिश के चलते चचेरे भाई ने की ऑटो चालक की हत्या, चौबारे में चारपाई पर मिला शव
पुलिस ने भाई के बयान पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। अविवाहित मृतक सुनील ऑटो चलाकर गुजर बसर करता था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के सोनीपत में भठगांव में घर के चौबारे में सो रहे ऑटो चालक की पीटकर हत्या कर दी गई। उसका शव चारपाई पर लहूलुहान हालत में मिला। चालक के भाई ने अपने परिवार के चचेरे भाई पर हत्या करने का आरोप लगाया है। आरोप है पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। सूचना के बाद पहुंची सदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने चचेरे भाई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मूलरूप से भठगांव फिलहाल वेस्ट रामनगर निवासी अनिल कुमार ने सदर थाना पुलिस को बताया कि उसका भाई सुनील (42) अविवाहिता था और घर में ही अकेला रहता था। वह ऑटो व अन्य वाहन चलाकर अपना गुजर बसर करता था। शनिवार को उसे सूचना मिली कि सुनील का शव घर के चौबारे पर पड़ा है।
वह घर पहुंचा तो शव चारपाई पर पड़ा था। उसके ताऊ के बेटे राजेश ने बताया कि रात को वह सुनील के साथ था और उसके साथ ही खाना-पीना किया था। अनिल ने बताया कि उसने अपने स्तर पर पता लगाया तो जानकारी मिली कि भाई की हत्या परिवार में ही चचेरे भाई सुमित ने की।
सुमित पहले भी उन पर हमला कर चुका है। वह उनसे लंबे समय से रंजिश रखे हुए है। उसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में अनिल के बयान पर सुमित के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शनिवार दोपहर बाद शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने हमलावर की तलाश शुरू कर दी है।
गांव भठगांव में व्यक्ति का शव चौबारे में चारपाई पर मिला है। भाई ने परिवार में ही चचेरे भाई पर हत्या का आरोप लगाया है। मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जल्द उसे गिरफ्तार कर मामले का पटाक्षेप किया जाएगा। -इंस्पेक्टर प्रहलाद सिंह, थाना प्रभारी, सदर सोनीपत