फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Sonipat News ›   138 poles broken due to storm and rain, power supply disrupted in cities and villages

आंधी व बारिश से 138 खंभे टूटे, शहर व गांवों में बिजली सप्लाई बाधित

Tue, 01 Jun 2021 11:46 PM IST
Rohtak Bureau रोहतक ब्यूरो
Updated Tue, 01 Jun 2021 11:46 PM IST
विज्ञापन
138 poles broken due to storm and rain, power supply disrupted in cities and villages
दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण सोमवार देर रात मौसम का मिजाज फिर से बदल गया। आंधी व बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन गई। आंधी से जिले में 138 खंभे टूटने से शहर व गांवों में बिजली सप्लाई बाधित हो गई। साथ ही निगम को लाखों का नुकसान हुआ है। आंधी से पेड़ टूटने के साथ ही होर्डिंग्स भी उखड़ गए। जिले में औसतन 45 एमएम बारिश दर्ज की गई। बारिश से शहर में कई स्थानों पर जलभराव हो गया। झमाझम बारिश कृषि क्षेत्र के लिए काफी फायदेमंद है।
विज्ञापन

जिले में दो दिन तक पश्चिमी विक्षोभ का असर रहेगा
पश्चिमी विक्षोभ के कारण सोमवार रात को आंधी के साथ ही झमाझम बारिश हुई। सुबह आठ बजे तक जिले में औसतन 45 एमएम बरसात दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार जिले में दो दिन तक पश्चिमी विक्षोभ का असर रहेगा। जिले में कई दिन से गर्मी असर दिखाने लगी थी। तापमान 40 डिग्री के आसपास बना हुआ था। दिन में तेज धूप के कारण लोग घरों से बाहर निकलने में परहेज करने लगे थे। न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री के आसपास बना हुआ था। लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा था। रविवार सुबह से ही दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया था। रविवार सुबह हल्की बूंदाबांदी भी हुई थी। सोमवार रात करीब 12 से सुबह चार बजे तक मौसम बदला और आंधी के साथ पूरे जिले में झमाझम बारिश हुई। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 34 डिग्री दर्ज हुआ, वहीं न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहा।
विज्ञापन

किस ब्लॉक में कितनी बारिश
ब्लॉक बारिश
गन्नौर 55 एमएम
गोहाना 52 एमएम
खानपुर 48 एमएम
राई 46 एमएम
खरखौदा 40 एमएम
सोनीपत 30 एमएम
मानसून से पहले खुली पानी निकासी व्यवस्था की पोल
सोनीपत जिले में जून के अंतिम सप्ताह या जुलाई के पहले सप्ताह तक मानसून दस्तक देता है। मंगलवार सुबह हुई बारिश से मानसून से पहले शहर की पानी निकासी की व्यवस्था की पोल खोल दी है। शहर में सुबह आठ बजे तक दर्ज हुई 30 एमएम बारिश की वजह से शनि मंदिर अंडरब्रिज में पानी भर गया। रोहतक रोड रेलवे ओवर ब्रिज की रिटेनिंग वॉल में भी पानी भर गया। इसके अतिरिक्त शहर की सब्जी मंडी में भी जलभराव के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सारंग रोड अंडर ब्रिज के नीचे भी जलभराव की समस्या का लोगों को सामना करना पड़ा। शहर के गीता भवन चौक, वैक्सन कॉलोनी, कामी रोड सहित कई कॉलोनियों में जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन
विज्ञापन

बिजली की लाइन टूटने से 15 घंटे बाधित रही बिजली
रात को आई आंधी लोगों के लिए मुसीबत बन गई। आंधी से बिजली निगम के 138 खंभे टूट गए। इससे जिले में कई स्थानों पर 15 घंटे बिजली बाधित रही। रात एक बजे कटी बिजली सप्लाई कई स्थानों पर मंगलवार देर शाम तक सुचारु हो सकी। जिससे लोगों को दिक्कत हुई। वहीं निगम को भारी नुकसान हुआ है। आंधी की वजह से पेड़ गिरने के कारण 138 खंभे टूट गए और बिजली की लाइन बाधित होकर शहर के साथ गांवों में सप्लाई बाधित रही, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आंधी से मुरथल सब डिविजन क्षेत्र में दो, गन्नौर सिटी में 12, गन्नौर के ग्रामीण क्षेत्र में 9, खरखौदा में 18, बहालगढ़ में 21, भठगांव क्षेत्र में 6 खंभे टूट गए। वहीं 11केवी सहजादपुर लाइन के दो खंभे गिरने से ग्रामीण क्षेत्र में सप्लाई बाधित रही। शहर के कुम्हार गेट के पास 11केवी लाइन का एक खंभा टूटने से बिजली सप्लाई बाधित रही। इसके अलावा गोहाना क्षेत्र में 67 खंभे टूटने से 32 फीडर पर बिजली सप्लाई पूरी तरह से बंद रही।
ट्रांसफार्मर में फाल्ट के चलते तीन घंटे देरी से शुरू हुई पेयजल सप्लाई
जिला नागरिक अस्पताल में बूस्टिंग स्टेशन के ट्रांसफार्मर में फाल्ट आने से अस्पताल, जनता कॉलोनी व सिक्का कॉलोनी में तीन घंटे देरी से पानी सप्लाई हो सकी। नगर निगम की ओर से अस्पताल के बूस्टिंग स्टेशन से रोजाना सुबह सात बजे पानी सप्लाई की जाती है। आंधी की वजह से ट्रांसफार्मर में आए फाल्ट को दूर करने के बाद मंगलवार सुबह 10 बजे पानी सप्लाई की गई। इसके बाद लोगों को राहत मिल सकी।
होर्डिंग्स व यूनिपोल भी टूटे
रात को करीब डेढ़ घंटा रुक-रुक आई आंधी से कई स्थानों पर होर्डिंग्स व यूनिपोल भी टूट गए। जाट जोशी के पास यूनिपोल टूटने से बहालगढ़ रोड की एक सड़क बंद रही। जिससे सोनीपत से बहालगढ़ की तरफ आने वाले वाहन चालकों को परेशानी हुई। आवागमन करने वाले वाहन चालक एक ही लेन पर चलने को मजबूर हुए। दोपहर तक भी यूनिपोल को हटाया जा नहीं जा सका था।
खरीफ सीजन की फसलों को होगा फायदा
झमाझम बारिश के कारण खरीफ सीजन की फसलों की बिजाई व रोपाई की तैयारी कर रहे किसानों को राहत मिली है। बरसात से एक तरफ जहां ज्वार, कपास जैसी फसलों को फायदा पहुंचेगा, वहीं दूसरी तरफ धान की पौध तैयार करने में भी किसानों को मदद मिलेगी। बारिश से किसानों का सिंचाई का खर्च भी कम हुआ है। बारिश से जल संरक्षण की मुहिम को भी फायदा पहुंचा है। जून में भूजल स्तर सबसे नीचे पहुंच जाता है। ऐसे में जून में अच्छी बारिश होने से भूजल स्तर में सुधार होगा।
खरखौदा में लोगों को हुई परेशानी, बिजली बाधित रही
खरखौदा में रात को आंधी व बारिश से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सड़कों पर भी पेड़ गिर जाने से कई जगहों पर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही पानी निकासी की पुख्ता व्यवस्था नहीं होने के कारण शहर में कई जगह पर जलभराव होने से लोगों को दिक्कत उठानी पड़ी। सब्जी मंडी, दिल्ली मार्ग, सोनीपत मार्ग व पंजाब नेशनल बैंक के सामने पानी भर गया। टूटे पेड़ों को वन विभाग कर्मियों ने काटकर हटाया।
गन्नौर में आंधी में पेड़ टूटकर बिजली के तारों पर गिरे
सोमवार देर रात आई बारिश व आंधी से कई जगहों पर पेड़ उखड़कर जमीन पर गिर गए। कई पेड़ बिजली के तारों पर गिर गए ग्रामीण क्षेत्रों में घंटों तक बिजली आपूर्ति ठप रही। वहीं सड़कों पर पेड़ उखड़ने से यातायात सेवा भी बाधित रही। सुबह बिजली निगम के कर्मचारियों ने टूटे तारों को रिपेयर किया, तब जाकर गांवों में बिजली सप्लाई सुचारु हुई।
किसानों के धरनास्थल पर आंधी व बारिश से मुख्य मंच टूटा व टेंट गिरे
कुंडली बॉर्डर पर किसानों ने धरना दिया हुआ है, जहां टेंट लगाए हुए हैं तो मुख्य मंच बनाया हुआ है। वहां सोमवार रात आंधी व बारिश से मुख्य मंच भी टूट गया तो वहां काफी किसानों के टेंट उखड़कर गिर गए। जिनको किसान मंगलवार को ठीक करने में लगे रहे और इसलिए वहां धरनास्थल पर किसान नहीं पहुंच सके। वहां किसानों को मंगलवार को लंगर तक के लिए परेशानी झेलनी पड़ी।

वर्जन
पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण मौसम का मिजाज बदला है। जिले में मंगलवार सुबह आठ बजे तक औसतन 45 एमएम बारिश हुई है। इससे किसानों का सिंचाई का खर्च कम हुआ है। वहीं खरीफ सीजन की फसलों को भी फायदा पहुंचेगा।
- डॉ. अनिल सहरावत, कृषि उपनिदेशक, सोनीपत।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed