साइंस टीचर ने लैब में छात्रा से किया छेड़छाड़, अकेले मिलने को कहा, दबोचा गया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कालांवाली के एक गांव के सरकारी स्कूल में साइंस टीचर ने साइंस लैब में दसवीं की छात्रा से छेड़छाड़ की और उसे अकेले में मिलने आने के लिए कहा। छात्रा ने बाहर आकर अन्य अध्यापकों को इस बारे में जानकारी दी। हालांकि शुरुआत में कुछ स्टाफ सदस्यों ने दोनों पक्षों में समझौता करवाने का प्रयास किया। लेकिन छात्रा के अभिभावकों ने पुलिस में इसकी शिकायत दी।
मामले की सूचना मिलने पर खंड शिक्षा अधिकारी हरमेल सिंह द्वारा जांच की गई। हरमेल सिंह ने अपनी जांच रिपोर्ट में साइंस टीचर को दोषी पाया और उच्चाधिकारियों से अध्यापक को निलंबित करने की अनुशंसा की गई है। आरोपी साइंस टीचर के खिलाफ पुलिस में पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं छात्रा को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के समक्ष पेश किया गया और छात्रा की काउंसिलिंग की गई।
कालांवाली के एक गांव के सरकारी स्कूल की छात्रा द्वारा साइंस अध्यापक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया गया। पुलिस में दर्ज एफआईआर के अनुसार छात्रा ने बताया कि शिक्षक ने 20 अगस्त को उसे साइंस लैब में बुलाया और उससे छेड़छाड़ की। वह रोने लग गई। साइंस अध्यापक ने उसे किसी को घटना की जानकारी न देने की धमकी दी।
छात्रा के रोने पर दूसरे अध्यापक ने इसका कारण पूछा तो उसने छेड़छाड़ की घटना की जानकारी दी। स्कूल प्रिंसिपल ने छात्रा के अभिभावकों और उच्चाधिकारियों को इस बारे में सूचित किया। खंड शिक्षा अधिकारी हरमेल सिंह मामले की जांच के लिए स्कूल पहुुंचे और उन्होंने पीड़ित छात्रा से बातचीत की।
छात्रा ने जांच कमेटी को बताया कि साइंस अध्यापक इससे पहले भी उसे कई बार गलत तरीके से टच कर चुका है। बीते दिन साइंस लैब में छेड़छाड़ की। साथ ही अकेलेे में मिलने के लिए कहा। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी हरमेल सिंह ने बाकी कक्षाओं की छात्राओं के बयान लिए तो उन्होंने भी साइंस टीचर द्वारा छेड़छाड़ करने की जानकारी दी।
बीईओ ने स्कूल अध्यापक के खिलाफ अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंप दी है। उधर, मामले की सूचना मिलते ही डीएसपी कालांवाली व महिला सेल डबवाली की टीम भी स्कूल पहुंची।
मां ने समझौते पर हस्ताक्षर करने से किया इंकार
जानकारी के अनुसार कुछ अध्यापकों ने अभिभावकों पर समझौते का दबाव बनाया। लेकिन छात्रा की मां ने कहा कि वे अध्यापक को सबक सिखाकर ही दम लेंगी। मां ने किसी भी प्रकार के समझौते पर साइन करने से इंकार कर दिया।
मुझे जैसे ही सूचना मिली तो हमने स्कूल में जाकर मामले की जांच शुरू की। पंचायत, अभिभावकों और बच्चों के बयान दर्ज करके अध्यापक के खिलाफ रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। पुलिस में मामला दर्ज हो गया है। - हरमेल सिंह, बीईओ, ओढ़ा।