Punjab Elections : पंजाब का दौरा कर रहे हैं डेरे के राजनीतिक पदाधिकारी, डेरामुखी से चर्चा के बाद होगा फैसला
ग्राउंड रिएलिटी जानने के लिए 15 पदाधिकारी सभी विधानसभा क्षेत्रों में दौरा कर रहे हैं। जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों से फीडबैक एकत्र किया जा रहा है। चुनाव के अंतिम दिनों में डेरामुखी से चर्चा और मंथन के बाद फैसला करेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब चुनाव अब अंतिम चरण में है। उम्मीदवारों की हार-जीत में डेरे की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। डेरे के अनुयायी ही किसी भी प्रत्याशी की हार-जीत के फैसले में अहम योगदान देंगे। इसलिए अब डेरे की राजनीतिक विंग के 15 पदाधिकारियों ने पंजाब की सभी विधानसभा क्षेत्रों का दौरा शुरू किया है। जिला और ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारियों से फीडबैक लिए जा रहे हैं।
सूत्र बताते हैं कि एक-दो दिन में डेरामुखी से व्यक्तिगत या अन्य माध्यम से चर्चा और मंथन के बाद डेरा अपना फैसला लेगा। इस बार किसी एक पार्टी को समर्थन की बजाय उम्मीदवार अनुसार फैसले लेने के पक्ष में डेरा नजर आ रहा है। रविवार को चुनाव से पहले की आखिरी नामचर्चा होगी, जिसमें पंजाब से बड़ी संख्या में उम्मीदवार और नेता शामिल हो सकते हैं। सूत्र बताते हैं कि डेरामुखी भी ऑनलाइन तरीके से जुड़ सकते हैं।
20 फरवरी को पंजाब की 117 सीटों के लिए मतदान होना है। इसके लिए डेरे की राजनीतिक विंग ने अब सिरसा की बजाय पंजाब में ही डेरा डाल लिया है। राजनीतिक विंग के चेयरमैन राम सिंह अपनी टीम के साथ पंजाब के दौरे पर निकल पड़े हैं। इसके अलावा राजनीतिक विंग के अन्य पदाधिकारियों को भी जोन बांटकर सर्वे और फीडबैक लेने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में भेजा गया है।
चेयरमैन राम सिंह प्रतिदिन दो से तीन जिलों में बैठक कर जिला स्तरीय और ब्लॉक स्तरीय भंगीदार और अन्य पदाधिकारियों से चर्चा कर रहे हैं। पूरा डाटा एकत्र करके राजनीतिक विंग के पदाधिकारी रिकार्ड तैयार कर रहे हैं।
पार्टी की बजाय उम्मीदवार पर फोकस, कांग्रेस को समर्थन देने के पक्ष में नहीं श्रद्धालु
हालांकि डेरे का अंतिम फैसला चुनाव से एक या दो दिन पहले होगा। लेकिन सूत्र बताते हैं कि इस बार डेरा किसी एक पार्टी को समर्थन देने की बजाय उम्मीदवार और विधानसभा अनुसार मंथन कर रहा है।
इन बातों पर दिया जा रहा ध्यान और ऐसे लिया जा रहा फीडबैक
- मोहल्ला, कॉलोनी स्तर पर फीडबैक के बाद ब्लॉक स्तर पर काम हो चुका है।
- विधानभा सीट अनुसार उम्मीदवारों पर नामचर्चा के दौरान पहले या बाद में फीडबैक लिया जाता है।
- इस बार पार्टी की बजाय उम्मीदवार का व्यक्तिगत आचरण और डेरे के प्रति लगाव देखा जा रहा है कि कितना है।
- विधानसभा स्तर पर फीडबैक फाइनल होने के बाद प्रदेश स्तरीय राजनीतिक विंग के पदाधिकारियों को बताया जाता है।
- डेरे की राष्ट्रीय स्तरीय राजनीतिक विंग के पदाधिकारी सभी जिलों में जाकर विधानसभा अनुसार मिले फीडबैक का डाटा एकत्र कर रहे हैं।
- पूरा डाटा कंपाइल होने के बाद डेरामुखी से मंथन और चर्चा होगी।
- फाइनल फैसले के अनुसार संदेश श्रद्धालुओं को भेजा जाएगा।
सिरसा डेरा में आज नामचर्चा, पंजाब से आ सकते हैं उम्मीदवार
सिरसा डेरा सच्चा सौदा में प्रत्येक रविवार को सत्संग और नामचर्चा का आयोजन किया जाता है। पंजाब में मतदान 20 फरवरी को होना है। लिहाजा स्पष्ट है कि चुनाव से पहले केवल एक यही दिन है जब डेरे में आयोजन होना है। इसलिए उम्मीद है कि रविवार को पंजाब से बड़ी संख्या में उम्मीदवार या राजनेता डेरे में हाजिरी लगाने के लिए आ सकते हैं। इसके बाद इस हफ्ते डेरे में कोई दूसरा आयोजन प्रस्तावित नहीं है। रविवार को होने वाले सत्संग और नामचर्चा के लिए विशेष तौर पर तैयारियां की गई है।
अभी पंजाब क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। फीडबैक हासिल किया जा रहा है और बैठकें कर रहे हैं। इसके बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा। अभी कुछ भी फाइनल नहीं हुआ है। -राम सिंह, राष्ट्रीय चेयरमैन, राजनीतिक विंग, डेरा सच्चा सौदा, सिरसा।