डबवाली मंडी में दिवानखेड़ा का किसान शनिवार को 180 क्विंटल गेहूं की फसल लेकर पहुंचा, लेकिन गेहूं में अधिक नमी होने के कारण किसान की फसल नहीं बिक पाई। सरकार की ओर से 12 फीसदी नमी वाली गेहूं को ही खरीदने का नियम बनाया गया है। जांच के बाद गेहूं में 18 फीसदी से अधिक नमी मिली, जिसके कारण किसान को गेहूं सुखाने के लिए कहा गया है। सिरसा मंडी में शनिवार को भी कोई किसान गेहूं लेकर नहीं आया। प्राइवेट एजेंसियों की ओर से अब 239293 क्विंटल सरसों की खरीद की गई है।
दूसरी तरफ सरकार की ओर से शनिवार को मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल खोल दिया गया है। जो किसान अपनी फसलों का पंजीकरण करवाने से वंचित रह गए थे, वह किसान पोर्टल पर पंजीकरण करवा सकते हैं, ताकि उन्हें अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। किसान अपने नजदीकी कामन सर्विस सेंटर में जाकर आसानी से फसल का विवरण दर्ज करवा सकते हैं। उपायुक्त प्रदीप कुमार ने बताया कि मंडी में फसल बेचने के लिए मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर फसलों का पंजीकरण होना जरूरी है। इसलिए किसानों को चाहिए कि वे फसलों का विवरण पोर्टल पर अवश्य ही दर्ज करवा दें। पोर्टल शनिवार से खोल दिया गया है।