सिरसा। डेरा प्रमुख राम रहीम सिंह ने अनुयायियों के नाम 11वीं चिट्ठी जेल से भेजी है। इसमें उन्होंने रक्षाबंधन और आजादी के 75वें अमृत महोत्सव की बधाई दी है। वहीं डेरा प्रमुख ने अनुयायी को घर और गाड़ियों में तिरंगा लगाने और सेल्यूट कर उसका फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने का भी आह्वान किया है। उन्होंने चिट्ठी में 30 दिन की पैरोल पर आने के बाद आयोजित हुए कार्यक्रमों का भी जिक्र किया है।
उन्होंने चिट्ठी में लिखा है कि हमने खबरों में सुना है कि गोवंश को एक भयानक बीमारी लग गई है। इससे बहुत गाय मर रही हैं। हम सतगुरु से प्रार्थना करते हैं कि वे इस बीमारी की दवाई किसी डॉक्टर के दिमाग में बता दें या अपनी कृपा से गो माता को निरोग कर दें। उन्होंने चिट्ठी में लिखा कि हम 30 दिन की पैरोल पर यूपी आश्रम में आए थे तो सबके दर्शन करके हमें बहुत ज्यादा खुशी हुई। जब आप सब ऑनलाइन गुरुकुल से जुड़ते थे तो क्या कहना, आपका वो सजधज के बैठना, सिरों पर जागो यानी गागर रखके नाचना व गाना कमाल था, धमाल था। सेवादारों की प्रशंसा करते हुए कहा कि जब हम यूपी आश्रम में आए थे, तो उस दौरान सबसे बड़ी बात व आपकी सबसे बड़ी सेवा जो आप सबने मिलकर लाखों लोगों को ऑनलाइन सत्संग में लाकर और उनका नशा व बुराइयां छुड़वाकर की है। यह सेवा बहुत महान है।