{"_id":"6b0a4fa7193327469c035a1c","slug":"rohtak-murder-case-police-still-empty-handed-48-hours-after-the-incident-2026-11-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"रोहतक चौहरा हत्याकांड: वारदात के 48 घंटे बाद भी पुलिस खाली हाथ, शूटरों के यूपी-दिल्ली में छिपे होने की आशंका","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रोहतक चौहरा हत्याकांड: वारदात के 48 घंटे बाद भी पुलिस खाली हाथ, शूटरों के यूपी-दिल्ली में छिपे होने की आशंका
Sat, 28 Nov 2026 09:27 AM IST
Akash Dubey
अमर उजाला ब्यूरो, रोहतक
अमर उजाला ब्यूरो, रोहतक
Published by: Akash Dubey
Updated Sat, 28 Nov 2026 09:27 AM IST
सार
जॉर्जिया में बैठे गैंगस्टर रवि ने शूटर भेजे थे। सन्नी के साथ ढाबे पर आई युवती पर मुखबिरी का शक है। युवती के विदेश भागने की आशंका के चलते एयरपोर्ट अथॉरिटी को अलर्ट किया गया है।
विज्ञापन
कैमरे में कैद हमलावर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
मिलन ढाबे में चौहरे हत्याकांड को अंजाम देने वाले पांचों शूटरों को जॉर्जिया में बैठे गैंगस्टर रवि राठी ने भेजा था। पुलिस की जांच में सामने आया है कि पश्चिमी यूपी के शूटरों ने ढाबे में गैंगस्टर सन्नी रिटौली को घेरने की पूरी तैयारी कर रखी थी लेकिन वह बच निकला और उसके तीन साथी व एक छात्र मारा गया। पुलिस को सन्नी के साथ ढाबे पर आई शामली की युवती पर भी मुखबिरी का शक है।
विज्ञापन
जांच में यह भी सामने आया है कि सन्नी के तीन साथियों झज्जर जिले के डीघल निवासी विनित (22), रिंकू (28) और यश (22) की हत्या के बाद हमलावर 10 मिनट तक सन्नी को तलाशते रहे, लेकिन वह भागने में कामयाब रहा। इस दौरान उसके साथ आई युवती भी मौके से गायब हो गई।
विज्ञापन
पुलिस सूत्रों के अनुसार वारदात से पहले सन्नी के वहां पहुंचने की जानकारी इसी युवती के पास थी। शामली जिले की रहने वाली जाह्नवी नामक यह युवती दो महीने पहले ही सोशल मीडिया के जरिये सन्नी के संपर्क में आई थी। पूछताछ में सन्नी ने भी यही बताया है कि ढाबे पर आने की जानकारी जाह्नवी को थी।
विज्ञापन
उधर वारदात के 48 घंटे बाद भी पांचों शूटर पुलिस की पकड़ से बाहर हैं और उनके दिल्ली व पश्चिमी यूपी में छिपे होने की आशंका है। हरियाणा पुलिस उनको पकड़ने के लिए पश्चिमी यूपी में डेरा डाले हुए है। युवती की भी पुलिस तलाश में जुटी है। उसका मोबाइल फोन बंद है और घटना के बाद से वह सामने नहीं आई है। पुलिस को शक है कि युवती व राठी गैंग के बीच विदेश भेजने को लेकर भी कोई करार हुआ है। युवती विदेश न भाग जाए, इसलिए एयरपोर्ट अथॉरिटी को अलर्ट किया है।
दो साल से राठी गैंग के संपर्क में भाऊ गैंग
पुलिस जांच के मुताबिक, हिमांशु भाऊ गैंग और रवि राठी गैंग के बीच करीब दो साल से संपर्क है। भाऊ अपने चचेरे भाई बजरंग की हत्या का बदला लेने के लिए अंकित उर्फ बाबा और उसके भाई सन्नी रिटौलिया को निशाना बनाना चाहता है। इसी कड़ी में रवि राठी गैंग ने दूसरी बार सन्नी की हत्या का प्रयास किया है। 19 दिसंबर 2025 को रिटौली गांव के शराब ठेके पर कार सवार युवकों ने सन्नी पर फायरिंग की थी। सन्नी उस हमले में भी बच गया था।
सात लोग आए थे ढाबे पर 5 अंदर गए, दो बाहर बैठे रहे
वारदात बुधवार रात करीब 12:50 बजे हुई इस वारदात को अंजाम देने के लिए कुल सात बदमाश दो कारों में ढाबे पर आए थे। पांच शूटर ढाबे में दाखिल हुए जबकि दो कारों को स्टार्ट करके बाहर खड़े रहे। अंदर आए हमलावरों ने पिस्टल और रिवॉल्वर से गोलियां बरसाकर चार लोगों की हत्या की।
ऑडियो वायरल
शुक्रवार को वायरल हुए एक ऑडियो में दावा किया गया है कि हिमांशु निर्दोष नहीं था और उसकी हत्या गलती से नहीं हुई। ऑडियो में दावा है कि हिमांशु सन्नी के साथियों की गाड़ी में बैठकर गया था और इसी वजह से शूटरों ने उसे निशाना बनाया।
कल जेल लौटेगा बाबा
गैंगवार की आशंका को देखते हुए पुलिस ने रिटौली गांव में गश्त बढ़ा दी है। गैंगस्टर अंकित उर्फ बाबा अपनी चचेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए 10 दिन की अंतरिम जमानत पर जेल से बाहर आया है। उसकी जमानत अवधि पूरी होने पर 29 नवंबर को उसे वापस जेल जाना है।
सन्नी के साथ दिखी युवती भी राठी गैंग की हो सकती है। पुलिस की टीम यूपी व दिल्ली पुलिस के संपर्क में है। फोटो भेजकर शूटर की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। - गौरव राजपुरोहित, एसपी रोहतक।
