रोहतक। डीसी कैप्टन मनोज कुमार ने रविवार को आदेश जारी कर जिले में लॉकडाउन की पाबंदियां एक सप्ताह तक बढ़ा दी हैं। महामारी अलर्ट-सुरक्षित हरियाणा के नाम पर सभी प्रतिबंध पहले की तरह जारी रहेंगे। गौरतलब है कि हरियाणा सरकार ने दोपहर में ही सूबे में लॉकडाउन एक सप्ताह तक बढ़ाने के आदेश दे दिए थे।
जिला मजिस्ट्रेट व आपदा प्रबंधन प्राधिकारी कैप्टन मनोज ने महामारी अधिनियम और आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए लॉकडाउन एक सप्ताह तक बढ़ाने के आदेश दिए हैं। आदेश में कहा गया है कि महामारी अलर्ट-सुरक्षित हरियाणा के नाम पर लगाई गईं सभी पाबंदियां 24 मई को सुबह पांच बजे तक जारी रहेंगी। आदेश में जिलावासियों को कहा गया है कि वे इस दौरान अपने घरों में रहें। कोई भी व्यक्ति घरों से बाहर या सार्वजनिक स्थल पर नहीं जा सकेगा। आदेश का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कैप्टन मनोज कुमार ने कहा कि पिछले एक सप्ताह के दौरान लॉकडाउन का व्यापक असर देखने को मिला है। अगर लोग एक सप्ताह और हिदायतों का पालन करेंगे तो संक्रमण के मामलों में जरूर कमी आएगी। उपायुक्त ने कहा कि मास्क लगा, सामुदायिक दूरी, हाथों को बार-बार धोने और स्वच्छता संबंधी सभी उपाय अपनाकर संक्रमण से बचा जा सकता है। इसके अलावा सभी लोग वैक्सीन जरूर लगवाएं, कोरोना को हराने का यह सबसे कारगर उपाय है।