Himani Narwal Murder: पुलिस ने बता दी पूरी कहानी... डाटा केबल से घोंटा गला; साथ ले गया था ये सामान
कांग्रेस की कार्यकर्ता हिमानी नरवाल का शव एक मार्च को सूटकेस में मिला था। पुलिस ने हत्या के आरोप में सचिन को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कबूल किया कि हिमानी उसे ब्लैकमेल कर रही थी।
विस्तार
कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। डीजीपी केके राव ने पत्रकारवार्ता में बताया कि पुलिस ने आरोपी सचिन को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि हिमानी से सचिन की कहासुनी हो गई थी। इसी दाैरान आरोपी ने डाटा केबल से गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
हत्यारोपी सचिन सोशल मीडिया के जरिये करीब डेढ़ साल से हिमानी के संपर्क में था। छः सात माह पहले दोस्ती कर घर पर आना जाना शुरू कर दिया था।
हिमानी के जेवर और लैपटाॅप ले गया था
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी हिमानी की स्कूटी से अपने घर गया। इसके बाद वह वापस आया और हिमानी के लैपटॉप मोबाइल और जेवरात ले गया। आरोपी ने अगले दिन एक निजी कंपनी के पास जेवरात गिरवी रख दिए थे। उसे अंदेशा था कि वह इस मामले में फंसेगा तो पैसे की आवश्यकता पड़ेगी।पुलिस अभी हत्या का कारण पैसे का लेनदेन मान रही है। हालांकि आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। कितने पैसे का विवाद था? इस बात पर अभी पुलिस ने कोई जानकारी नहीं दी है।
हत्या के बाद हिमानी की स्कूटी से ही गया था घर
पुलिस ने दावा किया है कि आरोपी ने शाम पांच बजे शिवानी की हत्या की थी और फिर घर चला गया था। शव को ठिकाने लगाने के लिए वह दोबारा आया और खून के धब्बे साफ कर बाकी साक्ष्य मिटाए। पुलिस के अनुसार आरोपी हिमानी की स्कूटी से ही अपने घर गया था और फाइनेंस कंपनी के पास जेवर गिरवी रखकर पैसे ले लिए थे।
ऑटो से ले गया था शव
पुलिस के अनुसार सचिन ने रात 9 बजे के करीब शव को घर में रखे सूटकेस में पैक किया और इसके बाद ऑटो में सवार होकर रात को ही सांपला बस स्टैंड पहुंच गया। वहां पहुंचने पर ऑटो को छोड़कर बस स्टैंड की तरफ गया और सूटकेस को वहीं पर फेंक कर भाग गया।