Rohtak: प्रेमी से नाखुश नाबालिग प्रेमिका ने फंदा लगाकर दी थी जान, हत्या का केस आत्महत्या में बदला
रोहतक के शास्त्री नगर में 22 अक्तूबर को किशोरी का फंदे पर शव लटका मिला था। हत्या का केस आत्महत्या में बदला गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया और 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के रोहतक शहर के शास्त्री नगर में बिहार की नाबालिग लड़की की मौत की गुत्थी सुलझ गई है। नाबालिग अपने प्रेमी से नाखुश थी। दोनों के बीच मनमुटाव रहने लगा था, इससे परेशान होकर उसने फंदा लगाकर जान दे दी थी। पुलिस ने नाबालिग को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में बिहार निवासी अमर कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में 14 दिन के लिए सुनारिया जेल भेज दिया गया। साथ ही हत्या का दर्ज केस, अब आत्महत्या के लिए मजबूर करने में आरोप में बदल गया है।
पुलिस के मुताबिक दिवाली से दो दिन पहले पुलिस को सूचना मिली थी कि शास्त्री नगर के एक मकान में बिहार निवासी अमर कुमार एक किशोरी को लेकर आया था। मकान मालिक को उसने किशोरी को अपनी पत्नी बताया। तभी से दोनों पति व पत्नी की तरह रह रहे थे। किशोरी जहां घर पर रहती थी, वहीं अमर हिसार रोड स्थित फैक्टरी में काम करता था।
22 अक्तूबर को दिन में अमर ड्यूटी पर गया हुआ था, किशोरी घर पर थी। शाम को मकान मालिक ने सूचना दी कि किशोरी ने कमरे में फंदा लगा रखा है। साथ ही कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है। सिटी थाने से एसआई बुधराम मौके पर पहुंचे और दरवाजा खुलवाकर शव फंदे से नीचे उतारा। साथ ही अमर को मौके पर बुुलाया गया। शव को पीजीआई के डेड हाउस में रखकर मामले की सूचना किशोरी के परिजनों को दी गई।
यह भी पढ़ें : Panipat: दुष्कर्म से पहले बच्ची को पीटा गया था, नहीं पकड़े गए आरोपी, अब तक 200 से अधिक से पूछताछ
परिजन मंगलवार को रोहतक पहुंचे। किशोरी के भाई ने आरोप लगाया कि आरोपी अमर उसकी बहन का अपहरण करके लाया था। यहां लाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बिहार निवासी अमर व एक अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। पुलिस ने केस की जांच की तो मामला हत्या की जगह आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मिला। पुलिस ने आरोपी प्रेमी अमर को गिरफ्तार कर लिया।
दो साल पहले शादी समारोह में हुई थी मुलाकात
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में अमर ने बताया कि 2020 में किशोरी से उसकी मुलाकात एक शादी समारोह के दौरान हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होने लगी। साथ ही एक-दूसरे से प्रेम करने लगे। जुलाई 2022 में वे भागकर दिल्ली आ गए। दिल्ली में किशोरी को उसने उसकी बहन के पास छोड़ दिया था।
दो माह किशोरी वहां रही। सितंबर माह में अमर किशोरी को लेकर रोहतक आ गया। दोनों पति व पत्नी की तरह शास्त्री नगर में किराये पर रहने लगे।
पूछताछ में पता चला है कि कुछ समय तो दोनों के बीच संबंध ठीक रहे, लेकिन घटना से एक सप्ताह पहले उनके बीच मनमुटाव बढ़ गया। मकान मालिक ने भी पुलिस को बताया कि तीन दिन पहले दोनों के बीच झगड़ा भी हुआ था, लेकिन यह अंदेशा नहीं था कि किशोरी आत्महत्या जैसा कदम उठा लेगी।
शादी के सबूत मिले न सहमति में रहने का पत्र
मकान मालिक ने पुलिस को बताया कि युवक व किशोरी एक-दूसरे को पति व पत्नी बताकर रह रहे थे, लेकिन पुलिस जांच में आरोपी युवक ऐसा कोई सबूत नहीं दे सका कि दोनों शादी कर रखी है या वे सहमति पत्र बनवाकर रह रहे हैं। इतना ही नहीं, लड़की की उम्र उसके परिजनों ने साढ़े 17 साल बताई है, लेकिन आयु संबंधी कोई प्रमाणपत्र नहीं दिया है।
22 अक्तूबर को शास्त्री नगर में एक किशोरी का शव फंदे पर लटका मिला था। उसके परिजनों का आरोप था कि उसकी बिहार के युवक ने हत्या कर शव फंदे पर लटकाया है, लेकिन जांच में मामला आत्महत्या का निकला। आरोपी युवक किशोरी को एक माह पहले बिहार से लेकर आया था। उसे किशोरी का अपहरण कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में सुनारिया जेल भेजा गया है। - एसआई बुधराम, जांच अधिकारी थाना सिटी