रोहतक। कांग्रेस के डेलीगेट मोनू शर्मा ने कहा कि देश की पहलवान बेटियों को न्याय दिलाने के लिए जहां तक भी संघर्ष करना पड़ेगा तो पीछे नहीं हटेंगे। भाजपा सत्ता के नशे में चूर है। इनके सम्मान को भी भूल गई है। इसी कड़ी में युवा कांग्रेस की पुरुष व महिला विंग ने जिला कांग्रेस भवन से नेताजी सुभाष चंद्र बोस चौक तक कैंडल मार्च निकाला।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि खिलाड़ी अपने देश का गौरव हैं। पहलवान बेटी साक्षी मलिक, भाई सचिन मलिक और भाभी मोनिका मलिक भी प्रदर्शन में शामिल रहे। मोनू शर्मा ने कहा कि देश की बेटियां बता रही हैं कि गलत हो रहा है। जिस पर आरोप लगे हैं, वह सांसद खुला घूम रहा है। कांग्रेस पूरी तरह से न्याय की लड़ाई में सच के साथ है। महिला जिला अध्यक्ष संगीता सहरावत ने कहा कि इससे ज्यादा दुख की बात और कोई नहीं हो सकती कि जिन खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया हो उन्हें न्याय के लिए धरने पर बैठना पड़ रहा है। जंतर मंतर पर धरना चल रहा है। खाप पंचायत एकजुट हो रही हैं। सरकार मौन धारण किए हुए है। संगीता ने कहा कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, देश का नागरिक अपने खिलाड़ियों के साथ खड़ा है। वरिष्ठ पार्षद गुलशन ईशपुनियानी, कदम सिंह अहलावत, रघुवीर सैनी, टिंचू सचदेवा, रवीश गरेवाल ने भाजपा की जमकर निंदा की। इस मौके पर लाला परमार, देवेंद्र भारत, पूर्व पार्षद संजय दलाल, नरेंद्र शर्मा, विक्की बल्हारा, तपेश भारद्वाज, विनोद गहलोत, कपिल सेहरावत, नरेंद्र शर्मा, महेंद्र किरार, दीपक शर्मा समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।