फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Rohtak News ›   Chandni Chowk of the city submerged again without rain, the politics of the market heats up

बिन बरसात फिर डूबा शहर का चांदनी चौक, बाजार की सियासत गरमाई

Tue, 14 Dec 2021 02:06 AM IST
Rohtak Bureau रोहतक ब्यूरो
Updated Tue, 14 Dec 2021 02:06 AM IST
विज्ञापन
Chandni Chowk of the city submerged again without rain, the politics of the market heats up
किला रोड बाजार में भरे सीवर के गंदे पानी में से आते ग्राहक। संवाद
रोहतक। शहर के चांदनी चौक कहे जाने वाले किला रोड बाजार की सड़कें एक बार फिर बिन बरसात लबालब हो गई है। दो दिन पहले अधिकारियों ने सीवरेज लाइन साफ करवाकर बाजार की सड़कों से गंदा पानी निकलवाया था। लेकिन सोमवार सुबह फिर बाजार की सड़कें सीवर ओवरफ्लो होने से गंदे पानी से लबालब हो गईं। अधिकारियों का तो व्यापारी कुछ कर नहीं सके, लेकिन जलभराव के कारण बाजार की आपसी सियासत में उबाल आ गया। एक गुट ने बाजार के प्रधान बिट्टू सचदेवा को हटाने का एलान कर दिया, जबकि प्रधान ने कहा कि चार आदमी न प्रधान बना सकते हैं और न हटा सकते हैं। जल्द डीसी से मिलकर बाजार की समस्या का समाधान करवाऊंगा।
विज्ञापन

किला रोड बाजार में सीवर लाइन ओवरफ्लो होने से बदबूदार पानी के भराव की समस्या नासूर बनती जा रही है। इससे जहां बाजार का कारोबार प्रभावित हो रहा है, वहीं लोगों को दुकानों तक पहुंचने के लिए बाजार में पानी के अंदर रखी ईंटों पर उछल-कूद करके जाना पड़ रहा है। जब आमने-सामने लोग आ जाते हैं, तो एक को पीछे लौटना पड़ता है। वहीं, इस गंभीर समस्या के लिए जिम्मेदार जनस्वास्थ्य विभाग और नगर निगम के अफसर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे हैं। जिसका खामियाजा जनता और स्थानीय दुकानदारों को भुगतना पड़ रहा है।
विज्ञापन

3 हजार के करीब व्यापारी परिवार जुड़े हैं बाजार से
किला रोड शहर का सबसे व्यस्त बाजार माना जाता है। बाजार में 300 से ज्यादा दुकानें हैं, जहां एक दुकान पर 4 से 5 कर्मचारी काम करते हैं। ऐसे में हजारों परिवार बाजार के कारोबार से जुड़े हैं। इसके लिए हर रोज न केवल पूरे जिले, बल्कि दादरी, झज्जर, गोहाना, जुलाना तक के लोग खरीदारी करने आते हैं। दिल्ली, अहमदाबाद, लुधियाना से लेकर सूरत तक से कपड़ा बाजार में आता है। 2017 में नगर निगम ने बाजार में 80 लाख रुपये खर्च करके सुंदरीकरण किया था। इसमें नए सिरे से बाजार का ड्रेनेज सिस्टम बनाया था, बल्कि स्ट्रीट लाइट से लेकर नए तरीके से सड़कें बनाई थी। कोरोना काल के बाद से बाजार सियासी व अधिकारियों की अनदेखी का दंश झेल रहा है। पिछले चार दिन में दूसरी बार बाजार के अंदर घुटनों तक सीवरेज का गंदा पानी भरा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

.....
पार्किंग का अब तक समाधान नहीं, पहले लगे, फिर हटे डिवाइडर
बाजार के अंदर पार्किंग की समस्या नासूर बनी हुई है। नगर निगम ने 2020 में बाजार के बीचोंबीच डिवाइडर लगवा दिए, लेकिन पार्किंग होने के बावजूद बाजार के अंदर ही दोपहिया वाहन खड़े होते रहे। फिर 2021 में नए अधिकारी ने डिवाइडर हटवा दिए।
..........
ये बोले अधिकारी
बाजार में गंदे पानी का भराव सीवर लाइन ओवरफ्लो होने से हो रहा है। सीवर लाइन की सफाई और चालू रखने की जिम्मेदारी जनस्वास्थ्य विभाग की है। इसके बाबत सारी मशीनें और लेबर भी उन्हीं के पास हैं। रही बात निगम के नालों में जाली लगाने की, तो इसके लिए 20 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। अब जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी देखें कि 20 लाख रुपये की जाली लगी हैं या नहीं। यदि नहीं लगी हैं, तो उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर संबंधित पर कार्रवाई की जाए।
- मंजीत दहिया, अधिशासी अभियंता मुख्यालय नगर निगम
.............
नालों में पॉलिथीन व प्लास्टिक की बोतल आने से बार-बार सीवरेज ब्लॉक हो रहा है। सोमवार को सीवरेज सफाईकर्मी हड़ताल पर हैं। ऐसे में मंगलवार को लाइन की सफाई करवा देंगे। जहां तक जाली का सवाल है, इसका पता किया जाएगा।
- रोहित कुमार, अधिशासी अभियंता, जनस्वास्थ्य विभाग
.....................
बाजार की सियासत : एक गुट ने बिट्टू को हटाया, लुंबा का प्रधान बनने से इनकार
सीवर का गंदा पानी बार-बार भरने की समस्या से किला रोड बाजार की सियासत में उबाल आ गया है। सोमवार को किला रोड बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन से जुड़े व्यापारियों के एक गुट की बैठक हुई और कार्यकारिणी को भंग करने का निर्णय लिया। जबकि बाजार के प्रधान बिट्टू सचदेवा का कहना है कि चार लोगाें के कहने से न प्रधान बनते हैं और न ही हटाए जाते हैं।
किला रोड के व्यापारी नेता हैप्पी अनेजा ने बताया कि बाजार के हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। इससे तंग व्यापारियों ने बाजार के व्यापारी नेता एवं गोसेवक टीनू लुंबा को बुलाया और पूरे हालात से वाकिफ करवाया। कई व्यापारियों ने लुंबा को प्रधान बनाने की इच्छा जाहिर की। कहा कि, वे निगम व पब्लिक हेल्थ के कर्मियों को बुलाकर समस्या का समाधान करवाएं। लेकिन लुंबा ने कहा कि उनके पास और भी बहुत जिम्मेदारी हैं। बाजार के ऐसे व्यक्ति को प्रधान की जिम्मेदारी दे दें, जो बाजार की समस्याआें के समाधान में समय दे सकें। हैप्पी ने बताया कि इसके बाद व्यापारियों की बैठक हुई, जिसमें किला रोड ट्रेडर्स एसोसिएशन की कार्यकारिणी भंग करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद 15 दिसंबर को दोबारा बैठक होगी, जिसमें नए प्रधान सहित पूरी कार्यकारिणी का गठन होगा।
वर्जन
किला रोड ट्रेडर्स एसोसिएशन की कार्यकारिणी भंग कर दी गई है। दो दिन में नए सिरे से प्रधान सहित पूरी कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। ताकि बाजार की समस्याओं का समाधान हो सके।

- हैप्पी अनेजा, व्यापारी नेता किला रोड
..........
चार लोगों के बैठक कर निर्णय लेने से कोई प्रधान हटता या बनता नहीं है। मैं पिछले 20 साल से किला रोड ट्रेडर्स एसोसिएशन का प्रधान हूं। अगर एसोसिएशन की कार्यकारिणी व बाजार के व्यापारी कहेंगे तो मैं जिम्मेदारी किसी अन्य को देने के लिए तैयार हूं। जहां तक बाजार की समस्या का सवाल है, जल्द डीसी से मिलकर स्थायी समाधान की मांग करूंगा।
- बिट्टू सचदेवा, प्रधान किला रोड ट्रेडर्स एसोसिएशन
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed