फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Rohtak News ›   बेटियों को बचाने के लिए सितारों के साथ दौड़े बच्चे, बुढ़े और जवान

बेटियों को बचाने के लिए सितारों के साथ दौड़े बच्चे, बुढ़े और जवान

Mon, 04 Dec 2017 02:58 AM IST
Updated Mon, 04 Dec 2017 02:58 AM IST
विज्ञापन
बेटियों को बचाने के लिए सितारों के साथ दौड़े बच्चे, बुढ़े और जवान
फोटो समेत
विज्ञापन

बेटियों को बचाने के लिए सितारों के साथ दौड़े बच्चे, बूढ़े और जवान
- राजीव गांधी स्टेडियम में हुई मिनी मैराथन, सुनील शेट्टी, महिमा चौधरी, गुलशन ग्रोवर और यशपाल शर्मा समेत तमाम वीवीआईपी भी दौड़े

- बेटियों को सम्मान दिलाओ-समाज में सद्भावना लाओ का दिया नारा
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
बेटी को बचाने के लिए रविवार को बॉलीवुड के सितारों संग बच्चे, बूढ़े और जवान एक साथ दौड़े। राजीव गांधी स्टेडियम में माइक्रोन पृथ्वी फाउंडेशन की तरफ से आयोजित मिनी मैराथन में फिल्मी सितारों ने भी शिरकत की। प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाने के लिए फिल्मी सितारों ने स्टेडियम के अंदर ही करीब 100 मीटर तक दौड़ लगाई। मिनी मैराथन के विजेताओं को वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु समेत अन्य अतिथियों ने नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मिनी मैराथन में भाग लेने के लिए राजीव गांधी स्टेडियम में सुबह पांच बजे से ही भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। रजिस्ट्रेशन का समय साढ़े सात बजे तक रखा गया था, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण काफी देर तक रजिस्ट्रेशन चलते रहे। करीब साढ़े आठ बजे फिल्म अभिनेता सुनील शेट्टी, उनकी पत्नी माना शेट्टी, अभिनेत्री महिमा चौधरी, गुलशन ग्रोवर, यशपाल शर्मा और खिलाड़ी योगेश्वर दत्त थोड़े-थोड़े अंतराल के बाद स्टेडियम में पहुंचे। फिल्मी सितारों की एक झलक देखने के लिए प्रतिभागियों के अलावा बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ी हुई थी। सभी ने हाथ उठाकर फिल्मी सितारों का स्वागत किया। फिल्मी सितारों ने भी प्रशंसकों को निराश नहीं किया और काफी देर तक उनके बीच रहे। इसके बाद मंच के माध्यम से एकजुट होकर बेटी बचाओ का नारा दिया। करीब नौ बजे स्टेडियम के ट्रैक पर फिल्मी सितारों के अलावा अन्य वीआईपी पहुंचे और करीब 100 मीटर तक ट्रैक पर दौड़ लगी। इस दौरान पुलिस को व्यवस्था संभालने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यह दौड़ खत्म होने के बाद अलग-अलग आयु वर्ग के प्रतिभागियों को झंडी दिखाकर मैराथन का आगाज किया। करीब 12 बजे तक मिनी मैराथन चलती रही। मैराथन के बाद विजेताओं को पुरस्कार दिए गए।
विज्ञापन


मैराथन में भारी अव्यवस्था, पुलिस भी फेल
मिनी मैराथन के दौरान भारी अव्यवस्था का आलम रहा। आयोजकों की तरफ से पुलिस सुरक्षा लगाई गई थी, लेकिन सितारों की एक झलक पाने के लिए स्टेडियम के अंदर ही बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। यहां तक कि ट्रैक पर भी भीड़ जमा रही। बार-बार पुलिस को लाठियां फटकार कर भीड़ को हटाना पड़ा। आलम यह रहा कि छह किलोमीटर की मैराथन के लिए ट्रैक पर प्रतिभागियों को दौड़ा दिया गया, लेकिन गेट छोटा होने के कारण भीड़ अधिक हो गई, जिसके चलते मैराथन में भाग लेने वाले बच्चों को रेलिंग फांदकर स्टेडियम से बाहर निकले और तब जाकर उन्होंने दोबारा से दौड़ना शुरू किया। छह और 11 किलोमीटर की अलग-अलग मैराथन के लिए सेक्टर-6 के बाईपास पर व्यवस्था की गई थी। बाईपास पर भी यह स्थिति रही कि यातायात को पूरी तरह से नहीं रोका गया और वाहनों के बीच से होते हुए बच्चों को मैराथन पूरी करनी पड़ी। सवाल यह है कि ऐसे में यदि कोई अनहोनी हो जाती तो इसका जिम्मेदार कौन होता।
विज्ञापन
विज्ञापन


नहीं था वीवीआईपी की सुरक्षा का कोई इंतजाम
प्रतिभागियों के साथ-साथ वीवीआईपी की सुरक्षा को लेकर भी कोई ठोस इंतजाम नहीं किया गया था। बॉलीवुड के सितारों के चारों तरफ नाममात्र पुलिसकर्मी तैनात रहे, लेकिन हालात यह थे कि कोई भी व्यक्ति सीधे उनके पास पहुंचकर फोटो खिंचा सकता था। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि इतने दिनों से जिस मैराथन की तैयारी चल रही थी उसमें वीवीआईपी की सुरक्षा को लेकर कोई इंतजाम क्यों नहीं किया गया।

ये धरती मेरी मां है साहब जी...
मंच पर आने के बाद अभिनेता सुनील शेट्टी ने हरियाणवी अंदाज में कहा कि नमस्कार कै हाल सै। इसके बाद प्रशंसकों ने अभिनेता सुनील शेट्टी से उनकी फिल्म के डॉयलाग बोलने के लिए कहा। इस पर सुनील शेट्टी ने सबसे पहले बॉर्डर फिल्म का डॉयलाग सुनाया गया। ‘ये धरती मेरी मां है साहब जी और अगर उसे कोई बदसूरत या बंजर कहेगा तो आप ही बताइए कोई बेटा कैसे सुन सकता है...’। इसके बाद धड़कन फिल्म का डॉयलाग ‘तुम मुझे भूल जाओ ये मैं होने नहीं दूंगा, अंजली तुम मेरी हो और हमेशा मेरी रहोगी...’ सुनाया। वहीं गुलशन ग्रोवर ने भी यशपाल शर्मा को माइक पर तेज आवाज में बोलकर संबोधित किया वो हरियाणा का छोरा कित्तै है। फिल्मी सितारों के इस अंदाज ने प्रशंसकों का दिल जीत लिया।

यह बने मैराथन के विजेता
- महिला 18-30 आयु वर्ग, 11 किलोमीटर
1. आदेश रोहतक
2. रीनू हिसार
3. निधि सुहाग रोहतक

- पुरुष 30-25 आयु वर्ग, 11 किलोमीटर
1. संदीप झज्जर
2. चंद्रवीर सिंह अलीगढ़ यूपी
3. सत्यवान राजस्थान

- गर्ल्स 18 आयु वर्ग से नीचे, 6 किलोमीटर
1. तनू दादरी
2. स्नेहा खरावड़ रोहतक
3. अमित कौर रोहतक

- महिला 30 आयु वर्ग से ऊपर, 6 किलोमीटर
1. रीना दिल्ली
2. डॉ. रीतू रोहतक
3. रेणू सहरावत रोहतक

- पुरुष 18-30 आयु वर्ग, 11 किलोमीटर
1. अजय कुमार रोहतक
2. कार्तिक रोहतक
3. रोहित रोहतक

- लड़के 18 आयु वर्ग से नीचे, 6 किलोमीटर
1. अजय राठी रोहतक
2. सुमित कुंडू रोहतक
3. रोहित महम

- पुरुष 45 आयु वर्ग, 6 किलोमीटर
1. सूबेदार नत्थुराम जयपुर
2. राजेश कुमार सोनीपत
3. राजपाल नजफगढ़ दिल्ली

लोगों ने किया विरोध, प्रतिभागी रोते हुए निकले बाहर
मिनी मैराथन के दौरान कुछ लोगों ने आयोजकों पर मनमानी का आरोप भी लगाया। मैराथन के बाद रोहतक निवासी राजपाल और देवेंद्र ने आरोप लगाया कि एक साथ इतनी बड़ी संख्या में बच्चों को दौड़ाया गया और रेस पूरी होने से पहले ही बच्चों को बाहर निकाल दिया गया। यह गलत है। इसके अलावा विजेताओं के नाम को लेकर भी खुलकर विरोध किया। आरोप था कि छह किलोमीटर की मैराथन में आयोजकों ने प्रथम आने वाले बच्चे का नाम बदलकर दूसरे का नाम लिस्ट में डाल दिया। हालांकि बाद में विरोध जताते हुए अभिभावक और उनके बच्चे वहां से निकल गए। कुछ बच्चे इस मनमानी के बाद रोते हुए भी दिखाई दिए।


यह रहे मौजूद
मिनी मैराथन में वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, उनकी पत्नी एकता सिंधु, सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, आईजी सीआईडी अनिल राव, रोहतक आयुक्त चंद्रप्रकाश, उपायुक्त डॉ. यश गर्ग, पुलिस अधीक्षक पंकज नैन, माइक्रोन पृथ्वी फाउंडेशन के प्रधान रोमेश विग, कर्णवीर, डॉ. रवि गुगनानी, मीना कौशिक, पूनम और नगराधीश महेंद्रपाल आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed