धारूहेड़ा में एक कंपनी कर्मचारी को बाइक सवार बदमाशों ने लिफ्ट देकर साहबी पुल के समीप चाकू से हमला कर लूट की वारदात को अंजाम दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश जयपुर की तरफ से भाग निकले। तत्पश्चात पीड़ित ने अपने परिजनों को इसकी सूचना दी, जिस पर उन्होंने वारदात स्थल पर पहुंचकर घायल को अस्पताल में दाखिल कराया है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं।
गांव डूंगरवास निवासी दीपक कुमार को पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बिलासपुर स्थित एक ई-कॉमर्स कंपनी में कार्यरत हैं। शुक्रवार की रात को कंपनी से छुट्टी होने के बाद बिलासपुर से एक ट्रक में लिफ्ट लेकर धारूहेड़ा आ गया। यहां से गांव जाने के लिए फ्लाईओवर के नीचे खड़ा हुआ था। इसी बीच एक बाइक पर दो युवक सवार होकर आए जिनको उसने लिफ्ट के लिए इशारा किया। आरोपियों ने उसे लिफ्ट दे दी। साहबी पुल पर पहुंचने पर आरोपियों ने बाइक रोक ली और उसके साथ हाथापाई करने लगे। आरोपियों ने धमकी दी कि जो भी पास वह सब कुछ हवाले कर दे। जब दीपक ने विरोध किया तो एक आरोपी ने सीधे उसके हाथ पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद उसने अपनी जेब में रखा मोबाइल, बैग सहित पास मौजूद नकदी ने आरोपियों को दे दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश सीधे जयपुर की तरफ भाग निकले। उनके जाने के बाद पीड़ित ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने दीपक को एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं।