रेवाड़ी में क्राइम का ग्राफ बढ़ा: रंजिश में युवक को मारी गोली, गांव रतनथल में पिस्तौल के बल पर दंपती को लूटा
हरियाणा में लगातार क्राइम बढ़ता जा रहा है। इस कड़ी में रेवाड़ी में एनएच 71 पर एक युवक को गोली मार दी। वहीं गांव रतनथल में बदमाशों ने बंदूक के बल पर दंपती को लूट लिया। फिलहाल दोनों मामलों में जांच कर रही है।
विस्तार
रेवाड़ी में करीब छह माह पुराने विवाद में फैसला होने के बाद भी रंजिशन रविवार रात को एनएच 71 पर एक युवक को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए शहर के प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। अस्पताल में उपचाराधीन इब्राहिमपुर निवासी सरजीत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी बुआ के गांव सोहना के निकट हरचंदपुर में अपने बच्चों के साथ रह रहा है।
पीड़ित को फोन कर सोहना से बुलाया
इब्राहिमपुर आने पर करीब 6 माह पूर्व उसकी दोस्त कृष्ण के साथ कहासुनी हो गई थी। बाद में दोनों के बीच राजनीमा हो गया, परंतु कृष्ण उससे रंजिश रखने लगा। कृष्ण ने सोमवार दोपहर उसके पास फोन किया। उसे गांव आने के लिए कहा। रंजिश भूलने की बात मानते हुए वह कृष्ण का फोन आते ही सोहना से एक कैंटर पकड़कर आ गया। वह एनएच-71 के के पास संगवाड़ी उतरा तो कृष्ण वहां पहले से खड़ा इंतजार कर रहा था। उतरने के बाद वह अपना मोबाइल चेक कर रहा था। इसी दौरान कृष्ण ने पिस्तौल निकालकर उस पर गोली चला दी। गोली उसके बाएं पैर की जांघ में लगी।
पिस्तौल तानकर दंपती के साथ की मारपीट कर नकदी छीनकर फरार हुए आरोपी
रेवाड़ी के कोसली थाना क्षेत्र के गांव रतनथल में रात को घर में सो रहे दंपती पर बदमाशों ने पिस्तौल तानकर मारपीट कर नकदी छीन ली। पुलिस को दी शिकायत में अजीत ने बताया कि दंपती अपने घर में सो रहे थे। देर रात घर के बाहर कुत्तों के भोंकने की आवाज आई। उसकी पत्नी राजबाला दरवाजा खोलकर बाहर देखने लगी।
ईआरवी ने दंपती को अस्पताल पहुंचाया
इसी दौरान जोनियावास निवासी कौशल, हेड़ाहेड़ी निवासी मोनू, गढ़ी हरसरू निवासी सूरज व दो अन्य युवक उसके मकान में घुस गए। मोनू व कौशल के हाथों में पिस्तौल थी। इन लोगों ने उसे और उसकी पत्नी को पीटना शुरू कर दिया। शोर मचाने पर इन लोगों ने उसकी जेब से 6 हजार रुपए निकाल लिए। उसने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद रात को मौके पर पहुंची ईआरवी ने दंपती को अस्पताल पहुंचाया।