Bhavna Murder Case: पुलिस ने झाड़ियों से बरामद किया उदेश का फोन, पुलिस इन एंगल पर कर रही जांच
डॉ. भावना यादव हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में पुलिस लगी हुई है। पुलिस ने रेवाड़ी से आरोपी उदेश का फोन बरामद किया है। यह फोन उदेश के गांव लिलोढ़ में घर के पास झाड़ियों से बरामद किया गया है। डिटेल में पढ़ें खबर...
विस्तार
राजस्थान के कोटपुतली-बहरोड़ क्षेत्र के गांव अनंतपुरा की रहने वाली 25 वर्षीय डॉ. भावना यादव हत्याकांड की गुत्थी गहराती जा रही है। जांच में पता चला है वारदात के बाद आरोपी उदेश अपने गांव लिलोढ़ आया था। यहां उसने घर के पीछे झाड़ियों में मोबाइल छिपा दिया था। हिसार की सिविल लाइन थाना पुलिस जांच के लिए उदेश को लेकर रेवाड़ी पहुंची। यहां घर के पास से फोन बरामद कर लिया है। पुलिस मोबाइल की हिस्ट्री खंगालने में जुटी है।
उदेश का फोन जांच में करेगा मदद
पुलिस सूत्रों की मानें तो उदेश उसके क्वार्टर से मिली पेट्रोल की बोतल के बारे में कुछ नहीं बता रहा है। पुलिस उदेश के फोन से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने भावना को फोन या मैसेज करके बुलाया था या भावना खुद उसके कमरे पर आई थी। अभी पुलिस यही मानकर चल रही है कि उदेश ने ही भावना को बुलाया था। किसी को पता न चले इसलिए वह उसे क्वार्टर के पीछे से अंदर लाया था। दूसरी तरफ, भावना ने तेल छिड़ककर खुद को आग लगाई या झगड़े के बाद उदेश ने आग लगाई, इस एंगल पर भी जांच जारी है।
इन एंगल पर भी हो रही जांच
भावना हत्याकांड की जांच में पुलिस कई एंगल पर जांच कर रही है। पुलिस उन हालातों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। कहीं उदेश ने तो भावना को मरने के लिए नहीं उकसाया। पेट्रोल कहीं उदेश ने तो उपलब्ध नहीं कराया। वह भावना के जलने के बाद उसे जानबूझकर तो अस्पताल नहीं ले गया, ताकि कोई उस पर शक न करे। अभी यह भी पता नहीं चल पाया है कि भावना 23 अप्रैल को खुद हिसार आई थी या उदेश ने उसे बुलाया था। पूछताछ में उदेश भावना की हत्या से इंकार कर रहा है।
व्हाट्सएप चैट भी आई सामने
उदेश की पत्नी निक्की ने हिसार पुलिस को भावना के साथ हुई बातचीत की व्हाट्सएप चैट सौंपी है। इसमें भावना उदेश के प्रति भावनात्मक रूप से व्याकुल दिख रही है। चैट में भावना का एकतरफा प्यार नजर आ रहा है। असली राज तब खुलेगा जब उदेश के मोबाइल में चेकिंग के दौरान भावना के साथ हुई बातचीत के अंश सामने आएंगे। उदेश और भावना के बीच में आपस में क्या कुछ बातें होती थीं, इसी से कई राज खुलेंगे। अभी तक केवल भावना और निक्की की बात सामने आई है। उदेश और भावना में क्या बात होती थी, ये इस केस का महत्वपूर्ण एंगल है।
ये भी पढ़ें: भावना हत्याकांड: उदेश को नहीं भूल पा रही थी... अलग-अलग नंबरों से करती थी कॉल, पत्नी निक्की भी इस हरकत से हैरान