पानीपत। सेक्टर-25 में सज्जन चौक के पास सिलाई ठेकेदार के साथ हादसे में जान गंवाने वाला युवक पश्चिम बंगाल का रहने वाला था। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी पानीपत पहुंचे। पुलिस ने दोनों परिवारों के बयान दर्ज कर बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक सिलाई ठेकेदार के बड़े भाई के बयान पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में राज नगर निवासी संदीप शर्मा ने बताया कि उसका छोटा भाई पंकज(34) सेक्टर-29 पार्ट-2 स्थित लग्जरी होम फनर्शिंग में काम करता था। भाई के पास पश्चिम बंगाल के उत्तरदिनाजपुर, गांव सुभोनोपुर निवासी तारिक अनवर(22) भी पिछले चार साल से सिलाई का काम करता था। वह हाल में पानीपत शिव नगर में रहता था। मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे पंकज अपनी बाइक पर सवार होकर तारिक अनवर के साथ घर लौट रहा था। जब वह सज्जन चौक के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार ट्रक चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद आरोपी बाइक को घसीटते हुए 10 मीटर तक ले गया। हादसे में भाई पंकज की मौके पर और तारिक की अस्पताल में मौत हो गई। आरोपी को चांदनीबाग थाना पुलिस ने देर रात पकड़ लिया, जिसकी पहचान जम्मू कश्मीर निवासी विनोद के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि तारिक पिछले पांच साल से पानीपत में रहता था। उससे छोटी एक बहन दिलरुबा खातून है।