पानीपत। असंध रोड की भाटिया कॉलोनी स्थित गणेश मंदिर में गणेश भगवान की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा शनिवार को की जाएगी। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज भी मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा करा भक्तों को अपना आशीर्वाद देंगे।मुख्यातिथि पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, शहरी विधायक प्रमाेद विज, पूर्व सांसद संजय भाटिया, मेयर काेमल सैनी, प्रदेश महामंत्री अर्चना गुप्ता, गजेंद्र सलूजा, सांची तनेजा व समाजसेवी सतीश गाेयल रहेंगे।
इसके उपलक्ष्य में श्री गणेश मंदिर सेवा समिति द्वारा भाटिया काॅलाेनी स्थित श्री गणेश मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा महाेत्सव का शुक्रवार को छठा दिन रहा। महोत्सव में शुक्रवार को हवन किया गया। देवी मंदिर के आचार्य लालमणि पांडे की अध्यक्षता में चित्रकूट और बनारस के 11 पंडिताें ने शयन पूजन कराया। प्रधान बलदेव गांधी और महासचिव हरीश बंसल ने बताया कि शनिवार काे सुबह मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन किया जाएगा। मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा एक महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान है। इसके द्वारा मूर्ति को जागृत बनाया जाता है। यह प्रक्रिया कई चरणों में होती है। सबसे पहले मूर्ति को पवित्र जल से स्नान कराया जाता है फिर उसे साफ वस्त्र से पोछा जाता है और नए वस्त्र पहनाए जाते हैं। इसके बाद मूर्ति को एक शुद्ध स्थान पर स्थापित किया जाता है। जहां चंदन का लेप लगाया जाता है और मूर्ति का शृंगार किया जाता है। इस अवसर पर कैशियर सतीश फुटेला, अशाेक यख्मी, जोगिंदर कुंडू, अशाेक गुंबर, सुमित ठकराल, जाेगिंद्र गाबा व सुरेंद्र फुटेला उपस्थित रहे।