Panipat: निजी अस्पताल से दो दिन के नवजात को उठा ले गया कुत्ता, नोंच-नोंच कर मार डाला, बेहोश हुई मां
यूपी के कैराना स्थित फोरगाण निवासी शबनम ने 25 जून को रात सवा आठ बजे एक लड़के को जन्म दिया था। सोमवार देर रात कुत्ता बच्चे को उठाकर ले गया और नोंच कर मार डाला।
विस्तार
पानीपत सेक्टर 13-17 स्थित एक निजी अस्पताल में सोमवार रात करीब सवा दो बजे कुत्ते ने दो दिन के नवजात को नोंच नोंच कर मार डाला। कुत्ता नवजात को पहली मंजिल से उठाकर नीचे लेकर आया था। नवजात का शव क्षत विक्षत मिला है। परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही के आरोप लगाए है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवाया है।
यूपी के कैराना स्थित फोरगाण निवासी शबनम पत्नी आस मोहम्मद 25 जून को पानीपत के सेक्टर 13-17 स्थित एक अस्पताल में डिलीवरी के लिए भर्ती हुई थी। उसी रात सवा आठ बजे शबनम ने एक लड़के को जन्म दिया। वह अस्पताल की पहली मंजिल स्थित जनरल वार्ड के एक कमरे में भर्ती थी। परिजनों के अनुसार सोमवार रात कमरे में बच्चे के साथ मां-पिता, दादी और ताई भी मौजूद थे। शबनम बेड पर, बाकी नीचे फर्श पर सोए हुए थे। दूध पिलाने के लिए दादी ने नवजात को अपने पास ही नीचे फर्श पर लिटा लिया था। रात सवा दो उनकी आंख खुली तो नवजात नहीं मिला। अस्पताल में भगदड़ मच गई। वह जैसे ही दौड़ते हुए अस्पताल के बाहर पहुंचे तो नवजात एक कुत्ते के मुंह में था। कुत्ता बच्चे को नोंच रहा था। परिजनों ने किसी तरह बच्चे को कुत्ते से छुड़वाया और तुरंत अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्चे को मृत सुन बेहोश हुई मां
डॉक्टर के मुंह से मृत शब्द सुनते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। अस्पताल परिसर में चीख पुकार मच गई। मां को जब सूचना मिली तो वह बेहोश हो गई। वहीं मृतक के परिजनों ने अस्पताल पर सुरक्षा संबंधी सवाल उठाए।
सीसीटीवी में नवजात को 2:07 पर बाहर ले जाता दिखा कुत्ता
सीसीटीवी फुटेज चेक की तो उसमें एक कुत्ता बच्चे को 2 बजकर 7 मिनट पर अस्पताल से बाहर ले जाता दिखाई दे रहा है। बच्चे के शव को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में रखवा दिया है।
अस्पताल में परिजनों के बीच नवजात को उठा ले गया कुत्ता
अंसल स्थित निजी अस्पताल से कुत्ता नवजात को माता-पिता, दादी और ताई के बीच से उठाकर ले गया। आठ मिनट में कुत्ते से बच्चे को नोंच नोंचकर मार डाला। जब तक परिजन पहुंचे, बच्चा दम तोड़ चुका था। खून से लथपथ बच्चे का शव कुत्ते के मुंह में था। बच्चे की मौत के कारण अस्पताल में हाहाकार मच गया। इस बारे में डॉक्टर कुछ भी कहने से बचते रहे। घटना का जिम्मेदार कौन है, इस बारे में पुलिस जांच कर रही है।
दो दिन बच्चे को छाती से लगाकर रखा
मां को जब सूचना मिली तो वह बेहोश हो गई। मां रोती हुई कहती रही कि वह दो दिन से अपने लाल को छाती से लगाकर रखती थी, लेकिन उसने कुछ देर के लिए ही अपने लाल को खुद से दूर किया था। उसे नहीं पता था कि वह अपना बेटा जिदंगी भर के लिए खो देगी।
सीसीटीवी में नवजात को 2:07 पर बाहर ले जाता दिखा कुत्ता
सीसीटीवी फुटेज चेक किया गया तो उसमें एक कुत्ता बच्चे को 2:07 बजे अस्पताल से बाहर ले जाता दिखाई दिया। परिजन 2:15 पर नीचे पहुंचे, तब तक देर हो चुकी थी। आरोप है कि अस्पताल में कोई सुरक्षाकर्मी उस समय मुख्य गेट पर नहीं था, जब यह हादसा हुआ।
दिनभर अस्पताल के इर्द-गिर्द घूमते रहे कुत्ते
मासूम को मौत के घाट उतारने के बाद भी मंगलवार को आवारा कुत्ते अस्पताल के अंदर और बाहर आते-जाते दिखे। वह अस्पताल के इर्द-गिर्द घूम रहे थे। कुत्तों के मुंह खून लगने के बाद वह दोबारा किसी घटना को अंजाम दे सकते हैं। अस्पताल के सुरक्षाकर्मी की बात करें तो दिनभर अधिक गर्मी की वजह से छांव ढूंढ़ते मिले।
हो चुके ये हादसे
- 24 मई 2021 को ऊंझा रोड पर नलवा कॉलोनी निवासी योगी उर्फ अमित नामक पांच वर्षीय मासूम खेलते-खेलते अपने दोस्तों के साथ रिसालू रोड पर चला गया। वहां आवारा कुत्तों ने मासूम को नोंच-नोंच कर मार डाला था।
- मई 2022 को आसन कलां गांव में आठ वर्षीय गगन को कुत्ते ने रोटी डालते समय चेहरे को बुरी तरह नोंच लिया था।
- मई 2022 में एक पागल कुत्ते ने एक दिन में 15 लोगों को अपना शिकार बनाया था। सभी को काटकर बुरी तरह जख्मी कर दिया था।
- आठ फरवरी 2020 को सुखदेव नगर में पांच वर्षीय देव को कुत्तो ने नोंच लिया था। बचाई आई ताई पर भी हमला कर दिया था। देव के सिर में 13 टांके लगाए गए थे, लेकिन अंत में उसकी मौत हो गई।