पानीपत में भीषण हादसा: ट्रक की टक्कर से आग का गोला बनी कार, जिंदा जले तीन दोस्त
तीनों दोस्त सैंपल कलेक्शन के लिए पानीपत से रोहतक जा रहे थे। इसराना में अनाजमंडी के सामने हादसा हुआ। हादसे के साथ की कार लॉक हो गई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पानीपत-रोहतक स्टेट हाईवे पर इसराना अनाजमंडी के सामने एक ट्रक की टक्कर से कार में आग लग गई। हादसे में धमाके के साथ कार के चारों गेट लॉक हो गए और उसमें सवार तीन दोस्त जिंदा जल गए। सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने कार की खिड़कियां तोड़कर तीनों शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया।
सेक्टर 13-17 निवासी विक्रांत (29) पुत्र सितमपाल राठी पेशे से पैथ लैब संचालक था। उसकी पानीपत शहर में दो लैब हैं। लैब पर गांव बराना निवासी सुगम (22) पुत्र राजेंद्र काम करता था, जबकि गांव जलालपुर निवासी पंकज (25) सैंपल एकत्रित कर लैब में जांच कराता था।
तीनों अच्छे दोस्त थे। पानीपत के अलावा अन्य जिलों से भी सैंपल एकत्रित कर लैब में जांच की जाती थी। इसके तहत ही शुक्रवार को तीनों दोस्त दोपहर करीब 12 बजे सैंपल कलेक्शन के लिए पानीपत से रोहतक की ओर जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि विक्रांत की कार थी और वही इसे चला रहा था। तभी इसराना में अनाजमंडी कट के सामने एक ट्रक चालक ने अचानक मंडी की ओर टर्न लिया और कार ट्रक में पीछे से जा टकराई। हादसे के समय ही ब्लास्ट के साथ कार के चारों गेट लॉक हो गए और उसमें आग लग गई। राहगीरों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन काबू नहीं पाया जा सका। देखते ही देखते तीनों दोस्त कार में ही जिंदा जल गए। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने नंबर प्लेट से वाहन और मृतकों की शिनाख्त की।
तीन दोस्तों के जिंदा जलने की सूचना मिलने पर एएसपी पूजा वशिष्ठ एवं डीएसपी ओम प्रकाश भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रक एवं कार को कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार तीनों शव शत प्रतिशत जल गए हैं। पुलिस ने ड्राइविंग सीट पर मिले शव का पोस्टमार्टम कराया है, जबकि दो अन्य शवों का पोस्टमार्टम शनिवार को किया जाएगा।
आग बहुत भीषण थी, लोगों ने बुझाने का काफी प्रयास किया था : एएसपी
ट्रक में टक्कर से कार में ब्लास्ट के साथ आग लग गई थी। लोगों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन बुझा नहीं पाए। कार में तीन युवकों की जलने से मौत हो गई है। मामले में जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। - पूजा वशिष्ठ, एएसपी पानीपत।