पानीपत। बार एसोसिएशन की लाइब्रेरी को जल्द ई-लाइब्रेरी में परिवर्तित करने के लिए ग्रांट मिलेगी वहीं कोविड से दिवंगत वकीलों के परिवार को आर्थिक मदद दी जाएगी। यह आश्वासन पंजाब एंड हरियाणा बार काउंसिल के मेंबर रणबीर सिंह ढाका ने दिया। पानीपत पहुंचने पर पानीपत बार एसोसिएशन की गर्वनिंग कमेटी ने उनका स्वागत किया।
गर्वनिंग कमेटी ने एडवोकेट रणबीर सिंह ढ़ाका को भाजपा लीगल सेल का प्रदेश संयोजक बनने पर बधाई दी। प्रधान शेर सिंह खर्ब ने बताया कि बार की तरफ से लाइब्रेरी को ई लाइब्रेरी बनाने की ग्रांट और वकीलों के परिवार के लिए आर्थिक मदद की मांग की गई। रणबीर सिंह ने आश्वासन दिया कि पंजाब एंड हरियाणा बार काउंसिल की तरफ से जल्द मदद की जाएगी। भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने सभी वकीलों को कहा कि कोविड-19 के प्रकोप से बचने के लिए वैक्सीन जरूर लगवाएं। इस अवसर पर बार उप प्रधान डॉ. विकास रोहल, उप प्रधान अनिल सिंगला, सचिव सुनील शर्मा, सह सचिव संदीप भोकर, केशियर मनोज शर्मा, आशा शर्मा, जसबीर मान, अजय घनगस, जसबीर मालिक, दीपक सेहरावत, नरेंद्र भहीवन, सचिन भाटिया, सुरेंद्र आदि वकील मौजूद रहे।