गांव भंडारी में चौपाल के पास एक कार और आठ बाइक पर करीब 20 युवक शनिवार की रात आए। वाहनों से उतरे और हवाई फायरिंग करते हुए एक युवक को जान से मारने धमकी दी। इतने में युवक ने शोर मचा दिया, जिस पर ग्रामीणों ने युवकों को घेर लिया। हमलावर युवकों ने ग्रामीणों पर हमला बोल दिया, जिसमें पांच ग्रामीण घायल हो गए। हमलावार हवाई फायरिंग करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए और मौके पर अपनी चार बाइक भी छोड़ गए।
गांव निवासी कदम सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया की गांव की चौपाल के पास से करीब 20 हमलावर युवक आए। जिनके पास एक कार और करीब आठ बाइक थीं। उन्होंने पहले गांव में घुसते ही हवाई फायर किए और फिर उससे कहने लगे कि तुझे जान से मार देंगे। युवकों की बात सुनते ही उसने शोर मचाना शुरू कर दिया तो काफी संख्या में ग्रामीण आ गए। इस युवकों ने ग्रामीणों पर लाठी डंडों से हमला बोल दिया। जिसमें पांच ग्रामीण घायल हो गए। ग्रामीणों की संख्या बढ़ने पर हवाई फायरिंग करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए कुछ युवक तो भाग गए, जबकि कुछ पीछे छूट गए। वह अपनी चार बाइक मौके पर छोड़कर ही भाग खड़े हुए। पुलिस मौके पर पहुंच गई और पुलिस ने चारों बाइक अपने कब्जे में ले ली। गौरतलब है कि इससे पहले भी कदम सिंह पर जानलेवा हमला हो चुका है। जिसका मामला थाना में दर्ज है। थाना मतलौडा में मामले के जांच अधिकारी एसआई बलवान सिंह ने बताया कि अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।