पंचकूला। नगर निगम पंचकूला की ओर से मनाए जा रहे आजादी के अमृत महोत्सव में लोगों को जागरूक करने का अभियान लगातार जारी है। बुधवार को नगर निगम द्वारा जन भागीदारी तय करते हुए पार्कों में जाकर विशेष सफाई अभियान चलाया गया और लोगों को टी-शर्ट और टोपियां देकर प्रोत्साहित किया गया। हरियाणा नवयुवक कला संगम के सहयोग से नगर निगम पंचकूला द्वारा यह अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें लोगों को सफाई के प्रति जागरूक किया जा रहा है। सेक्टर 16 स्थित सेंट सोल्जर स्कूल में सफाई कर्मचारियों को स्वच्छता का महत्व समझाया।
नगर निगम पंचकूला के डिप्टी म्युनिसिपल कमिश्नर दीपक सुरा ने बताया कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाया जाना बहुत आवश्यक है। पंचकूला के लोग स्वच्छता के महत्व को समझें और अपने आसपास सफाई रखें, घरों से निकलने वाले कूड़े को सेग्रीगेट अवश्य करें। सूखा, गीला और खतरनाक कूड़ा अलग रखें। हरियाणा नवयुवक कला संगम के सीईओ डॉ. प्रवीण चौधरी ने बताया कि स्वच्छता टीम का रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, मोहल्ला एसोसिएशन का अभिवादन किया और इन सभी जगहों पर जाकर स्वच्छता को देखा और आसपास के एरिया को अधिक स्वच्छ रखने के बारे में टिप्स भी दिए। लोगों को होम कंपोस्टर का प्रयोग करने के लिए डेमो दिया गया ताकि वह अपने घरों में निकलने वाले गीले कूड़े की घरों में ही खाद बना सकें।