कनीना। विश्व हिंदू परिषद प्रखंड कनीना द्वारा कनीना खंड के पवित्र स्थानों की मिट्टी एवं जल इकट्ठा किया गया। इस कार्य में विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष महेश बोहरा के साथ विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता देशराज, मोहन, मनोज शर्मा मौजूद रहे।
विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष महेश बोहरा ने जानकारी देते हुए बताया कि पांच तारीख को अयोध्या में राम जन्मभूमि पूजन एवं प्रभु राम का भव्य मंदिर बनाने का कार्य शुरू होने जा रहा है। मंदिर के भव्य निर्माण के लिए पूरे हिंदुस्तान से विश्व हिंदू परिषद द्वारा पवित्र स्थानों पर से मिट्टी और जल इकट्ठा करके वहां भेजा जा रहा है। बोहरा ने बताया यह कार्य बहुत बड़े स्तर पर किया जाना था, हरियाणा के गांव गांव में से मिट्टी एवं जल इकट्ठा करना था। लेकिन कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए अब पवित्र स्थानों पर से मिट्टी और जल लेकर वहां पहुंचाने के लिए इकट्ठा कर रहे हैं। बोहरा ने बताया कि सोमवार को बागोत में बागेश्वरी धाम, कनीना में बाबा मोलड नाथ, बाबा लाल गिरी दास आश्रम, बाबा राधे दास आश्रम आदि जगह से मिट्टी व जल लिया गया। बोहरा ने आमजन से आह्वान किया कि पांच अगस्त के दिन अयोध्या में 11:00 से 12:30 तक का भूमि पूजन शिलान्यास का समय है। इस दौरान सभी लोग अपने घरों में हवन, यज्ञ, घंटा, घड़ियाल, पूजा एवं शंखनाद कर सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि शाम के समय अपने घर में पांच दीपक प्रज्ज्वलित करें। पांच अगस्त के दिन सुबह कनीना में किसी एक आश्रम पर स्क्रीन लगाकर अयोध्या में पूजा का लाइव टेलीकास्ट दिखाया जाएगा। हवन किया जाएगा।