नारनौल। जिन किसानों ने मेरी फसल मेरा ब्योरा (एमएफएमबी) पोर्टल पर पंजीकरण करवाया है, उनके लिए ई-खरीद पोर्टल के तहत गेटपास कटवाना अनिवार्य कर दिया गया है। वहीं जिन किसानों ने पंजीकरण नहीं कराया है, उन्हें ई-नाम पोर्टल के माध्यम से गेटपास जारी किए जा रहे हैं।
ई-खरीद पोर्टल के तहत किसानों का बायोमीट्रिक सत्यापन, वाहन नंबर सहित अन्य औपचारिक जांच की जाती है जबकि ई-नाम पोर्टल पर गेटपास जारी करने की प्रक्रिया अपेक्षाकृत सरल और कम समय लेने वाली है। यही कारण है कि सरसों खरीद के दौरान क्षेत्र में ई-नाम पोर्टल के तहत अधिक गेटपास जारी किए जा रहे हैं।
रविवार को नारनौल में शाम तक ई-नाम पोर्टल के तहत 23 गेटपास जारी किए गए जबकि ई-खरीद पोर्टल के तहत एक भी गेटपास नहीं कटा। हालांकि, ई-नाम के माध्यम से गेटपास लेने वाले किसानों को यह लिखित में देना होता है कि उन्होंने एमएफएमबी पोर्टल पर पंजीकरण नहीं कराया है।