हरियाणा: राज्यमंत्री बोले- एसपी भ्रष्ट हैं, इनका इलाज करूंगा और अगले दिन ही तबादला
नारनौल में दो दिन में व्यापारी और भाजपा नेता से पर्ची पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और गोली चलाने के मामले को लेकर नारनौल विधायक व राज्यमंत्री ओपी यादव का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें राज्यमंत्री एक व्यक्ति से फोन पर बात करते हुए कह रहे हैं कि 'एसपी भ्रष्ट हैं और गुंडो से मिली हैं, इनका मैं इलाज करूंगा'। इसके एक दिन बाद एसपी का तबादला हो गया। एसपी का तबादला होना मंत्री की नाराजगी से जोड़कर देखा जा रहा है।
वायरल ऑडियो में राज्यमंत्री ने प्रशासन पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि उनकी कोई सुनता नहीं है और दुखी हूं। बातचीत में राज्यमंत्री ने कहा कि 'यहां की एसपी भ्रष्ट हैं और गुंडों से मिली हैं। मैं बहुत दुखी हूं। एसपी नालायक हैं। यह बकवास कराती हैं। हम इनका इलाज करेंगे। मैं गुस्से में बोल रहा हूं। मैं दुखी हूं। एसपी कमीशन इकट्ठा करने के अलावा कोई काम नहीं करती हैं।' बातचीत का यह दो मिनट 53 सेकेंड का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बता दें कि शुक्रवार को बीजेपी नेता के बेटे पर फायरिंग हुई थी। बदमाशों ने बीजेपी नेता से 50 लाख की रंगदारी मांगी थी। इस पर एक व्यक्ति ने राज्यमंत्री से इसी मामले में पर बातचीत की थी। जिसमें मंत्री ने यह बात कहीं।
राज्यमंत्री को लाचार देख पूर्व मंत्री राव नरेंद्र सिंह ने की गृह मंत्री से बात
हरियाणा के पूर्व मंत्री राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि नारनौल शहर में बदमाशों के आतंक का बोलबाला रहा। नारनौल के नई सराय में शुक्रवार को भाजपा के पूर्व प्रत्याशी के परिवार पर हुए हमले व रंगदारी की मांग से शहर में डर का माहौल है। सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया में वायरल एक ऑडियो क्लिप में नारनौल विधायक व राज्यमंत्री ओपी यादव लाचार दिखाई दे रहे हैं। उनका खुद का मानना हैं कि उनके मंत्री होते हुए उनकी कोई नहीं सुन रहा है।
सिंह ने कहा कि एक क्षेत्र के प्रतिनिधि व सरकार में मंत्री होने के नाते ऐसे शब्द असलियत बयान कर रही है, उनका खुद का मानना हैं कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था का जनाजा निकल चुका है। नारनौल एसपी इन मामलों में वाकई में शामिल हैं तो उनके खिलाफ करवाई करें और अगर ऐसा नहीं है तो किसी महिला के ऊपर ऐसे आरोप लगाना गलत है। राव नरेंद्र ने गृह मंत्री अनिल विज से बात की और वारदात से अवगत करवाया बल्कि दोषी को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की। गृहमंत्री ने इस मामले पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।