जिला प्रशासन ने कुरुक्षेत्र में नौ सड़कों का मॉडल रोड स्टार्च के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव पास किया है। इस प्रस्ताव को संबंधित विभाग की स्वीकृति मिलने के बाद अंतिम अनुमति के लिए सरकार के पास भेजा गया है। योजना के तहत चिह्निंत सड़क पर करीब पांच किलोमीटर के मॉडल रोड स्ट्रेच बनाए जाएंगे। इस मॉडल रोड स्ट्रेच पर सड़क सुरक्षा से संबंधित सभी मापदंडों का भी पूरा ख्याल रखा जाएगा। शनिवार को डीसी मुकुल कुमार ने प्रस्ताव को लोक निर्माण विभाग व मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएम मनोहर लाल ने घोषणा के अनुसार प्रदेश के हर जिले में करीब पांच किलोमीटर में मॉडल रोड स्ट्रेच का निर्माण किया जाना है। इसे लेकर कुरुक्षेत्र में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग भवन एवं सड़के, मार्केटिंग बोर्ड, नगर निकाय और हुडा के अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे। इन विभागों ने कुरुक्षेत्र में मॉडल रोड स्ट्रेच के लिए प्रस्ताव तैयार किया है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने जीटी रोड से उमरी तक, जीटी रोड से अकालगढ़, शाहाबाद-लाड़वा रोड, बाबैन से अकालगढ़, जीटी रोड से मदनपुर, झांसा रोड, अजरानाकलां, थर्ड गेट से पिपली तक तथा मार्केटिंग बोर्ड की तरफ से मिर्जापुर से दयालपुर तक सड़क को मॉडल रोड स्ट्रेच बनाने का प्रस्ताव सरकार के पास भेजा है। इस प्रस्ताव में जिन सड़कों पर सरकार की मोहर लगेंगी, उस सडक़ को मॉडल सड़क बनाने पर काम किया जाएगा। इसके लिए विभाग की तरफ से अनुमानित लागत का भी प्रपोजल तैयार किया गया है। इन सड़कों को सड़क सुरक्षा नीति के तहत तैयार किया जाएगा।