विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि पिपली से थर्ड गेट तक बनने वाली सिक्स लेन सड़क के सिविल वर्क पर 44 करोड़ 23 लाख रुपये का बजट खर्च किया जाएगा और इस सड़क को बनाने का लक्ष्य 15 माह का दिया गया है। इस सड़क के निर्माण के संबंध में अधिकारियों और ठेकेदार को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए है। विधायक सुधा शनिवार को डॉ. बीआर अंबेडकर चौक पर पिपली से थर्ड गेट तक बनने वाली सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले विधायक सुभाष सुधा, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता अमित मनोचा, भाजपा के युवा नेता साहिल सुधा, मार्केट कमेटी थानेसर के चेयरमैन सुरेश सैनी कुक्कू, ब्लाक समिति के चेयरमैन देवी दयाल शर्मा ने नारियल फोड़कर सड़क निर्माण का शुभारंभ कराया।
विधायक ने कहा कि कुरुक्षेत्र का ये सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है। पिछले काफी समय से सड़क निर्माण रुकने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसका निर्माण 25 मार्च से शुरू होना था, लेकिन कोरोना वायरस के कारण हुए लॉकडाउन होने पर निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। अब सरकार से अनुमति मिलने के बाद निर्माण कार्य शर्तों के अनुसार शुरू किया गया है। इस निर्माण कार्य पर जितने भी मजदूर और अन्य वर्कर लगेंगे, उन सभी का मेडिकल चैकअप किया जाएगा। उन्हें स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइन का भी पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि इस इस सड़क के निर्माण कार्य के लिए 2 प्रोडक्शन साइट गर्ग एंड कंपनी द्वारा स्थापित कर दी गई है और इस कंपनी ने निर्माण सामग्री भी साइटस पर पहुंचा दी है और यहां पर लगभग 500 डंपर पत्थर और बजरी के पहुंच चुके है। इस सड़क के निर्माण कार्य को 15 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। सड़क के सिविल वर्क पर 44 करोड़ 23 लाख रुपये खर्च होंगें। हालांकि बिजली, पानी निकासी, पैबर ब्लाक आदि तमाम कार्यों सहित इस प्रोजेक्ट पर करीब 57 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी।