कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय (कुवि) के ललित कला विभाग के अध्यक्ष डॉ. गुरचरण सिंह को कला, शिक्षा व समकालीन दृश्य कला के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट और सतत योगदान के लिए अंतरराष्ट्रीय पेंटर्स सिम्पोजियम-2026 के दौरान सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सिम्पोजियम 12 से 16 जनवरी तक आईआईएम जम्मू के जगती कैंपस में आयोजित किया गया। डॉ. गुरचरण सिंह को यह सम्मान जम्मू एवं कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की ओर से प्रदान किया गया। इस उपलब्धि पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने डॉ. गुरचरण सिंह को प्रोत्साहित किया और कहा कि यह सम्मान न केवल एक शिक्षक और कलाकार की उपलब्धि है, बल्कि इससे ललित कला के क्षेत्र में विवि की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान और अधिक सुदृढ़ हुई है। डॉ. गुरचरण सिंह ने बताया कि उन्हें यह सम्मान विशेष रूप से अमूर्त चित्रकला सिद्धांत, कला शिक्षाशास्त्र और दृश्य कला के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने के लिए उनके अकादमिक व कलात्मक योगदान के लिए दिया गया। अंतरराष्ट्रीय सिम्पोजियम में 21 अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त चित्रकारों व 25 उभरते कलाकारों ने भाग लिया। वहीं लगभग 90 छात्र कलाकृतियों की भव्य प्रदर्शनी भी आयोजित की गई। समारोह में लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता, प्रो. शक्ति गुप्ता (पूर्व कार्यकारी निदेशक, एम्स जम्मू), प्रो. बीएस सहाय (निदेशक, आईआईएम जम्मू) व सिम्पोजियम के क्यूरेटर केके गांधी की ओर से डॉ. गुरचरण को प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।

कुरुक्षेत्र। सम्मान हासिल करते हुए ललित कला विभाग अध्यक्ष डॉ. गुरचरण सिंह। स्वयं- फोटो : चार दिन से खिल रही धूप, ठंड से मिली राहत